{"_id":"6acbc04952c54f8fed0f8e44","slug":"man-arrives-after-threatens-doctors-and-nursing-staff-armed-with-knife-in-doon-hospital-2026-10-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"देहरादून: शराब के नशे में चापड़ लेकर पहुंचा दून अस्पताल, डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ को धमकाया, हुआ गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देहरादून: शराब के नशे में चापड़ लेकर पहुंचा दून अस्पताल, डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ को धमकाया, हुआ गिरफ्तार
Sun, 11 Oct 2026 10:33 PM IST
Alka Tyagi
माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून
माई सिटी रिपोर्टर, देहरादून
Published by: Alka Tyagi
Updated Sun, 11 Oct 2026 10:33 PM IST
सार
नौ अक्तूबर को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी विभाग की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शोभा ने कोतवाली नगर में शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि एक व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस आया और उसे लहराते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को डराने लगा।
विज्ञापन
अरेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों से विवाद हुआ तो युवक शराब के नशे में चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड पहुंच गया। यहां उसने चापड़ लहराकर डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को डराया-धमकाया। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी रौनक मल्होत्रा को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल चापड़ बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, नौ अक्तूबर को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी विभाग की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शोभा ने कोतवाली नगर में शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि एक व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस आया और उसे लहराते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को डराने लगा। इससे अस्पताल में असुरक्षा का माहौल बना और सरकारी कार्य में बाधा पहुंची। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
UK Top News: लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट बंद, जेई की करंट से मौत, कुंजापुरी मेले का सीएम ने किया शुभारंभ
विज्ञापन
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रौनक मल्होत्रा (29) को रविवार, 11 अक्तूबर को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद हुआ। इसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई।
पूछताछ में भाई के विवाद की बात बताई
शहर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों से झगड़ा हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंचा और वहां मौजूद डॉक्टरों व अन्य लोगों को डराने-धमकाने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।