हिम्मत से बची जान, बाघ को पीटकर भगाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी के टांडा जंगल में जानवर चुगाने गए दो भाई परवेज और अकरम पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ ने पहले छोटे भाई अकरम पर हमला किया और उसके सीने पर खड़ा हो गया।
इसे देख बड़े भाई परवेज ने पाटल और डंडे से बाघ पर हमला कर दिया। हमले से बाघ भाग खड़ा हुआ। बाद में दोबारा उसने परवेज पर हमला किया।
दोबारा हमले में भी भाइयों ने हिम्मत नहीं हारी और पीटकर बाघ को भगा दिया। इस मुठभेड़ में दोनों भाई भी घायल हुए।
बाघ को मारी दनादन कई लाठियां
हल्दूचौड़ इलाके के मो. यूसुफ के दो बेटे परवेज (18) और अकरम (13) रविवार को जानवर चुगाने टांडा कपार्टमेंट संख्या-150 में गए थे। यहां पर जंगल काफी घना है।
दोनों भाई दिन में करीब 11 बजे जब वापस लौट रहे थे, तभी बाघ ने अचानक अकरम पर हमला कर दिया। परवेज के अनुसार बाघ ने अकरम को पंजा मार कर गिरा दिया और उसके सीने पर चढ़ गया।
यह देखते ही परवेज ने टाइगर पर पाटल और डंडे से हमला कर दिया। दनादन कई लाठी बाघ को मारी। इससे बाघ भाग खड़ा हुआ।
परवेज ने हिम्मत नहीं हारी
इसके बाद राहत की सांस लेकर दोनों भाई जैसे ही थोड़ी दूर आगे बढ़े, वैसे ही बदला लेने को गुस्साए टाइगर ने फिर हमला किया।
इस बार बाघ ने परवेज के बाजू को काट लिया, पर परवेज ने हिम्मत नहीं हारी, उसने पाटल से दोबारा बाघ पर हमला किया। इसके बाद बाघ घने जंगल में गुम हो गया। बाद में मोबाइल फोन से परवेज ने घटना की सूचना परिवार को दी।
इसके बाद मौके पर परिवार और ग्रामीण के लोग पहुंचे। दोनों भाइयों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत गंभीर होने पर अकरम को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उसके सिर, कंधे, पैर आदि पर चोट आई है।
कई दिनों से घूम रहा है टाइगर
तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी चंदन लाल आर्य ने बताया कि घायल के इलाज को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ फौरी तौर पर पांच हजार नगद राशि दी गई है।
डीएफओ सनातन ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है। ग्रामीणों को जंगल की तरफ नहीं जाने की सलाह दी गई है। इससे पहले 15 अगस्त को हल्द्वानी वन प्रभाग में भी भालू ने बीट वाचर पर हमला किया था।
वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार प्रारंभिक तौर पर टाइगर के मूवमेंट की सूचना मिली है। पहले तेंदुआ होने का अंदाजा था, लेकिन घायलों के बयान के आधार पर टाइगर होने की संभावना है।
वहीं, घायल परवेज ने बताया कि टाइगर लंबे समय से इलाके में लोगों पर हमला कर रहा है। पहले भी वह दो गुर्जरों पर हमला कर चुका है, जो जानवर चुगाने गए थे।