ट्रक खाई में गिरने से एक की मौत, दो लोग घायल, झपकी आना बताया जा रहा कारण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी से सरिया और सीमेंट लेकर बागेश्वर जा रहा एक ट्रक बुधवार देर रात 1.30 बजे ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग एनएच पर खाई में गिर गया। दुर्घटना में ट्रक में सवार युवक, चालक-परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को रात में खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से एसटीएच हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है, जहां युवक की मौत हो गई। सरिया, सीमेंट लदा ट्रक (यूके 04 सीए 0669) बुधवार को बागेश्वर की ओर जा रहा था।
नंबर वन बैंड से थोड़ा आगे बढ़ते ही अल्मोड़ा के सोमेश्वर निवासी चालक गणेश राम (28) ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में गणेश राम, परिचालक विपिन कुमार (30) और मनोज कुमार (26) पुत्र मदन राम सभी निवासी सोमेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने रात में ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
खाई में गिरने से ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की वजह चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। उधर, पहाड़पानी क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही ऑल्टो कार खाई में जा गिरी। ऑल्टो में सवार तीन लोगों को हल्की चोटें आई थी। दुर्घटना के बाद सभी लोग दूसरे वाहन से हल्द्वानी चले गए।
रोडवेज बस की टक्कर से पिता की मौत, बेटा गंभीर
वही, रुड़की के मंगलौर में दिल्ली हाईवे पर देवबंद तिराहे के पास ऋषिकेश डिपो की रोडवेज बस ने स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार की मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर घायल हो गया।
रुड़की सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। बस को कब्जे में लेकर पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.30 बजे विपिन सिंघल (52) पुत्र जयप्रकाश निवासी मोहल्ला जोशीवाड़ा देवबंद, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बेटे रितिक (25) के साथ स्कूटर से देवबंद से रुड़की आ रहे थे। गुड़ मंडी के पास देवबंद तिराहे पर जैसे ही वे हाईवे पर पहुंचे तो पीछे से आ रही ऋषिकेश डिपो की बस ने स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में विपिन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटा रितिक गंभीर घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों को रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया और रितिक को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस बस को कोतवाली ले आई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि बस को कब्जे में ले लिया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।