भारत-नेपाल सीमा पर एक्टिव हुआ 'तोताराम गैंग', वन विभाग को अलर्ट जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत-नेपाल सीमा पर शिकारियों के मूवमेंट की सूचना से वन विभाग में खलबली मच गई है। देहरादून के अधिकारियों के निर्देश पर नेपाल बार्डर पर गोपनीय सर्च आपरेशन शुरू किया गया है।
इसमें डीएफओ समेत कई अधिकारी लगे हैं। इसके अलावा कुमाऊं के विभिन्न प्रभागों को भी अलर्ट कर दिया गया है। कुमाऊं में तस्करी के मामले में नेपाल सीमा हमेशा से संवेदनशील रही है।
यहां से शिकारियों के बड़े पैमाने पर वन्यजीव शिकार और तस्करी का रैकेट चलाने खबरें आती रहती हैं। इसके अलावा तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी वन प्रभाग और यूपी के पीलीभीत टाइगर रिजर्व में मौजूद बाघ पर शिकारियों की नजर रहती है।
शिकारियों ने मौका लगने पर बाघों को मार भी गिराया था। इस इलाके में नेपाल में मौजूद बताये जाने वाले तोताराम गैंग आपरेट करता है। बताया जाता है कि देहरादून में वन्यजीव सुरक्षा से जुड़े उच्च पदस्थ अधिकारियों को नेपाल सीमा पर शिकारियों के मूवमेंट की खबर मिली थी।
इसके बाद हल्द्वानी वन प्रभाग के अधिकारियों को सचेत करने के साथ बड़े स्तर पर सर्च आपरेशन चलाने का निर्देश दिया गया। दूसरी जगहों से भी बैकअप टीम को भी भेजा गया है। बताया जा रहा है कि डीएफओ के निर्देशन में खोजबीन आपरेशन चलाया जा रहा है।
इसी तरह रामनगर वन प्रभाग में संदिग्ध लोगों को देखे जाने बाद खोजबीन अभियान चलाया गया। मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं कपिल जोशी के अनुसार सुरक्षा को लेकर एहतियातन कदम उठाये जाते हैं, उसी दिशा में कदम उठाया गया है। मामले में गोपनीयता का हवाला देते हुए अधिकारी ज्यादा कुछ बताने से बच रहे हैं।