रुड़की: मुख्य नगर आयुक्त के घर से दिन दहाड़े लाखों की चोरी, पुलिस में मचा हड़कंप
- चोरों ने सलेमपुर स्थित निजी आवास को बनाया निशाना
- एमएनए के घर चोरी से पुलिस में मची खलबली
विस्तार
रुड़की में चोरों ने बुधवार को दिन दहाड़े मुख्य नगर आयुक्त (एमएनए) नूपुर वर्मा के घर में लाखों की चोरी को अंजाम दे दिया। एमएनए के घर चोरी की सूचना पाते ही पुलिस में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। चोरों के सुराग के लिए एमएनए के घर के आस पास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सलेमपुर में नगर निगम में एमएनए नूपुर वर्मा का निजी आवास है। बुधवार को एमएनए कार्यालय गई हुई थीं, जबकि उनके पति अपने कार्यालय में थे, इसी बीच चोरों ने उनके आवास के ताले तोड़कर पूरा घर खंगाल डाला। अलमारी के भी ताले तोड़ डाले।
शाम के समय एमएनए जब कार्यालय से घर पहुंचीं तो चोरी का पता चला। चारों ओर सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ रुड़की चंदन सिंह बिष्ट और गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि चोर एमएनए के घर से लाखों के सामान पर हाथ साफ कर गए। इनमें लैपटॉप, सोने चांदी के जेवर समेत नकदी भी शामिल है। सीओ चंदन सिंह बिष्ट जांच की जा रही है। पुलिस टीम को आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के लिए लगाया गया है। उन्होंने जल्द ही चोरी का खुलासा होने का दावा किया।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम भी मौके पर पहुंची
एमएनए के आवास पर पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची। टीम ने यहां से फिंगरप्रिंट भी लिए। टीम ने पूरे आवास की बारीकी से जांच की।
अधिकारी ही नहीं सुरक्षित तो आमजन कैसे हों सुरक्षित
एमएनए के घर दिन दहाड़े हुई चोरी से सवाल खड़ा होता है कि जब अधिकारियों के आवास ही सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन की सुरक्षा कौन करेगा।