किराएदार ने मकान मालिक पर लगाया घर की बुनियाद खोखली करने का आरोप, पढ़ें पूरा मामला
मसूरी में घंटाघर क्षेत्र में एक पुरानी रिहायशी इमारत में किराएदारों ने मालिक पर बुनियाद खोखली करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मकान मालिक उन्हें बाहर निकालने के लिए यह सब कर रहा है, जिससे इमारत का एक भाग गिर भी चुका है।
खतरे की जद में आए किराएदारों ने प्रशासन से इसकी शिकायत की, जिसके बाद एसडीएम ने इमारत खाली करने और मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, इस इमारत का हिस्सा ढह गया, जिससे वहां बनी दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम गोपालराम बिनवाल मौके पर पहुंचे और इमारत का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे लोगों को तत्काल इमारत खाली करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में किराएदारों का इमारत के मालिक नितिन मित्तल पर ही आरोप है कि वह लगातार उनसे यहां से जाने के लिए कह रहे थे।
जबकि वे इसका नियमित किराया भी दे रहे हैं। इस पर जब उन्होंने खाली नहीं किया तो वह बुनियाद को खोखला कर रहे हैं। मामला न्यायालय में भी चला था। बताया जा रहा है कि न्यायालय ने भी यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए थे। हालांकि नितिन मित्तल ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। इस मामले में एसडीएम ने जांच कराने की बात कही है।
मैंने इमारत का निरीक्षण किया था। यह बेहद जर्जर हालत में है। ऐसे में इसे खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। मकान मालिक और किराएदारों में विवाद की बात भी सामने आई है। फिलहाल जो आरोप हैं उनकी जांच की जा रही है।
- गोपालराम बिनवाल, एसडीएम