नौवीं की छात्रा पर शिक्षक की नीयत हुई खराब, स्कूल जाते समय कर दी घिनौनी हरकत
नौवीं की छात्रा पर एक शिक्षक की नीयत इस तरह खराब हुई कि स्कूल जाते वक्त उसने छात्रा संग घिनौनी हरकत कर डाली।
हल्द्वानी में स्कूल छोडऩे का झांसा देकर एक शिक्षक ने छात्रा को कार में बैठाकर जबरन किडनैप करने की कोशिश की तो छात्रा ने शोर मचा दिया। जिससे कमलुवागांजा में मौके पर मौजूद लोगों ने घेराबंदी कर वहशी शिक्षक की कार रुकवा दी।
इसके बाद लोगों ने शिक्षक को कार से उतार कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। मुखानी थाना पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। छात्रा के परिजनों की ओर से शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
यहां कालाढूंगी के पास नयागांव में रहने वाली किशोरी कमोला में माध्यमिक स्कूल में नवीं की छात्रा है। उसी स्कूल में कुछ समय पूर्व तक कालाढूंगी के पॉलीटेक्निक के पास रहने वाला शिक्षक मोबीन पढ़ाता था।
स्कूल छोडऩे की बात कहकर छात्रा को अपनी कार में बैठा लिया
इसी साल मार्च में उसका तबादला ओखलकांडा के ग्राम गैड़ा गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल में हो गया। इन दिनों शिक्षक घर आया हुआ था। सोमवार की सुबह उसने स्कूल छोडऩे की बात कहकर छात्रा को अपनी कार में बैठा लिया।
स्कूल ले जाने के बजाय शिक्षक ने कार हल्द्वानी की ओर दौड़ा दी। घबराई छात्रा ने शोर मचाया तो शिक्षक उसे धमकियां देने लगा। वहीं कमलुवागांजा चौराहे पर लोगों ने कार से चिल्ला रही छात्रा की चीख सुनी। लोगों ने पीछा कर कार को रुकवा लिया।
छात्रा की आपबीती सुन आक्रोशित लोगों ने शिक्षक को जमकर पीटा और कार में पथराव कर तोडफ़ोड़ कर दी। घटना की सूचना पर मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि परिजनों ने थाने पहुंचकर शिक्षक के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। आरोपी शिक्षक के विरुद्ध धारा 363, 366, 354, 506 व पॉस्को अधिनियम में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।