ताशी-नुंग्शी ने जीती दुनिया की शीर्ष 7 चोटियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सबकुछ दांव पर लगाकर देहरादून की जुड़वा बहनों ताशी-नुंग्शी ने दुनिया की शीर्ष सात चोटियां फतह कर ली हैं। ताशी-नुंग्शी के पिता ने ई-मेल के जरिए यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी समय के मुताबिक 16 दिसंबर की शाम लगभग चार बजे ताशी-नुंग्शी ने विनसन पर्वत को फतह किया। इसके बाद इन बहनों का मिशन 2 फॉर 7 पूरा हो गया है।
इसके बाद उनका लक्ष्य साउथ पोल है, जो 19 दिसंबर से शुरू होगा। इस मिशन को उन्होंने नाम दिया है ‘ऊंचाइयों से आगे, दुनिया की हद तक’। इसे महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी स्पांसर कर रही है।
खास बात यह है कि मिशन साउथ पोल में उनके साथ कोई सहयोगी भी नहीं होगा। वे खुद ही 70 किलो का वजन उठाकर स्कीइंग करते हुए जाएंगी। पिता वीएस मलिक ने बताया कि साउथ पोल में स्कीइंग को लास्ट डिग्री स्कीइंग कहा जाता है।
साउथ पोल में कई साल पहले -80 डिग्री से अधिक तापमान दर्ज किया गया था। फिलाहल वहां तापमान -40 डिग्री है। मिशन 19 से 29 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान एयर प्रेशर और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली बर्फीली हवाओं में स्कीइंग करना चुनौती भरा होगा।
बर्फीला तूफान भी नहीं तोड़ पाया हौसला
इससे पहले ताशी-नुंग्शी ने माउंट मेकिनली पर विजय हासिल की थी। बहनों ने बताया कि 20237 फीट ऊंचे माउंट मेकिनली (देनाली) का सफर 17 मई को 5400 फीट ऊंचाई पर बने कहिल्तना बेस कैंप से शुरू हुआ।
7400 फीट ऊंचाई पर पहला कैंप लगा। यहां नुंग्शी की अंगुलियां ठंड से सुन्न पड़ गईं, जिसका असर अब भी नजर आता है। दोनों बहनों ने बताया कि 8200 फीट पर दूसरा, 14300 फीट पर तीसरा और 17400 फीट पर चौथा कैंप लगा।
मिशन 29 मई को माउंट मेकिनली को फतह करना था, लेकिन बर्फीले तूफान के कारण एक हफ्ते तक कैंप में ही रहना पड़ा। इस दौरान खाना खत्म हो गया और दोनों में मानसिक तनाव भी बढ़ने लगा था।
नुंग्शी ने बताया कि टेंशन इस कदर हो गई कि दोनों बहनें रोने लगीं। तब उन्होंने सेटेलाइट फोन से मां अंजू मलिक को फोन किया।
मां ने हौसला बढ़ाया तो कदम फिर चोटी की ओर निकल गए। चार जून की सुबह 10.30 बजे कैंप से बर्फीले तूफान के बीच ही एक गाइड के साथ दोनों ने चढ़ाई शुरू की।
बॉलीवुड से मिला फिल्म का ऑफर
पर्वतारोहण में देश का मान बढ़ा रही दोनों जुड़वा बहनों को बॉलीवुड से भी फिल्म का ऑफर मिला है। ताशी-नुंग्शी ने बताया कि ‘काई पो चे’ फिल्म की यूनिट उनसे संपर्क कर चुकी है, लेकिन उन्हें अभी इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है।
दोनों बहनें दुनिया की सात शीर्ष चोटियों को फतह करने के अपने अनुभवों को किताब में ढालना चाहती हैं। इसके साथ ही वे उत्तराखंड में पर्वतारोहण का इंशरनेशनल इंस्टीट्यूट भी खोलना चाहती हैं।
ताशी-नुंग्शी की इस महान उपलब्धि के बाद देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है।
फतह की यह चोटियां
माउंट एवरेस्ट (नेपाल), किलिमंजारो (दक्षिण अफ्रीका), एल्ब्रुस (यूरोप), अकांकागुआ(दक्षिण अमेरिका), कास्ट्रेंज पिरामिड (एशिया), माउंट मेकिनली (उत्तरी अमेरिका), बिनसन मेसेस (अंटार्कटिका)।