MBBS में एडमिशन के नाम पर ठगे 25 लाख
- एमबीबीएस दाखिला ठगी में एक ठगी , दो फरार
- पंजाब के एक छात्र के परिवार से ठगे थे 25 लाख
- एसजीआरआर मेडिकल कालेज में दिया था प्रवेश का झांसा
विस्तार
एमबीबीएस में एडमिशन कराने के नाम पर 25 लाख रुपये ठगे गए। पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को एसजीआरआर मेडिकल कालेज में एमबीबीएस में दाखिला कराने के नाम पर सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
एक आरोपी को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की पार्किंग से गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं। इस गिरोह ने पंजाब के एक छात्र से प्रवेश के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी की थी।
एसजीआरआर मेडिकल कालेज में दाखिला दिलाने का दिया था झांसा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि पंजाब के अमृतसर निवासी जोगेन्द्र सिंह ने पटेलनगर थाने में 17 अक्तूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनमोल ने अपने साथियों के साथ बेटे को एसजीआरआर मेडिकल कालेज में एमबीबीएस में दाखिला कराने का झांसा देकर 25 लाख रुपये लिए थे।
गिरफ्तारी के लिए अन्य राज्यों में भेजी गई टीम
ठगी की अधिकांश रकम उनके पास बताई गई है। एसएसपी ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम अन्य राज्यों में भेजी गई है।
यह गिरोह काफी समय से सक्रिय है, जो एमबीबीएस में एडमिशन के नाम पर ठगी करता रहा। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गोवा में भी उनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत बताए गए हैं।
एसएसपी ने टीम में शामिल उप निरीक्षक नवनीत भंडारी, अशोक सिरसवाल, कांस्टेबल नरेन्द्र और राजेश को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
पकड़े गए जालसाज का अस्पताल और मेडिकल कालेज से कोई लेना देना नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से ऐसे जालसाजों से सतर्क रहने की जरूरत है।
-भूपेन्द्र रतूडी, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी
श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल