सुशील कुमार ने साइना नेहवाल को दिया जवाब
ओलंपिक रजत पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों को राजनीति के पचडे़ से दूर रहना चाहिए। खिलाड़ी का काम सिर्फ देश के लिए खेलना होता है और यही उसके लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ के 25वें स्थापना दिवस पर पतंजलि फेस-2 में आयोजित आमंत्रित ‘राष्ट्रीय कुश्ती एवं कबड्डी प्रतियोगिता’ में शिरकत करने पहुंचे सुशील कुमार ने कहा कि फिलहाल हमारे खिलाड़ी ओलंपिक और एशियाड में पदक जीत रहे हैं।
लेकिन हमारे पदक जीतने का अनुपात चीन और अमेरिका से बहुत कम है। इस समय देश में कुश्ती ही ऐसा खेल है जिसके जरिये पदकों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
खिलाड़ियों को राजनीति से दूर रहना चाहिए
साइना नेहवाल को पदमभूषण सम्मान देने को लेकर हुए विवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को राजनीति से दूर रहना चाहिए। उन्होंने बाबा रामदेव की तारीफ करते हुए कहा कि अगर बाबा रामदेव जैसे लोग स्वदेशी खेल कुश्ती एवं कबड्डी को बढ़ावा देंगे तो इन खेलों का कायाकल्प हो जाएगा।
बाबा रामदेव ने पहलवान मोहित को पटकनी दी
स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने के लिए रविवार को बाबा रामदेव स्वयं अखाडे़ में उतरे। बाबा ने अखाडे़ में ऐसे दाव-पेच चले की सुशील एकेडमी के राष्ट्रीय स्तरीय पहलवान मोहित सहरावत को 5-0 से पटकनी दी।
इसके बाद उन्होंने मंच से घोषणा कि जल्द पतंजलि योगपीठ में भी अखाड़ा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुश्ती और कबड्डी खेल देश का गौरव है। योग के साथ-साथ स्वदेशी खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा।