चुनाव मतगणना के दौरान भिड़े छात्र, पथराव में महिला पुलिसकर्मी घायल, पुलिस ने भांजी लाठियां
बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के बाद मतगणना के दौरान छात्रों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस पथराव में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। उसके सिर पर चोटें आई हैं। इसके बाद छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। पुलिस ने कहा कि पत्थरबाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
शुक्रवार को श्रीनगर में बिड़ला परिसर छात्र संघ चुनाव के लिए एसीएल हॉल में मतगणना चल रही थी। प्रत्याशियों के समर्थक बड़ी संख्या में बिड़ला परिसर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमे थे।
मतगणना स्थल से अध्यक्ष पद पर रुझान आने के बाद कुछ छात्र आक्रोशित हो गए और पुलिस से नोकझोंक करने लगे। इस दौरान पुलिस के पीछे खड़े कुछ छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया।
महिला पुलिसकर्मी के सिर पर लगे तीन टांके
इस दौरान एक पत्थर महिला पुलिसकर्मी भुवनेश्वरी भट्ट के सिर पर आकर लगा, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें पुलिसकर्मी संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां डाक्टरों ने सिर पर तीन टांके लगाकर उन्हें बेस अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी। इस दौरान अभाविप के जिला संयोजक विनीत पोश्ती को भी चोटें आईं। शहर में शांति बनाए रखने के लिए एसडीएम मायादत्त जोशी, सीओ धन सिंह तोमर, तहसीलदार सुनील राज और कोतवाल एनएस बिष्ट मौके पर मौजूद रहे।