कांपा उत्तराखंड, अगले 36 घंटे होंगे और मुश्किल!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। बुधवार को केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और रुद्रनाथ की चोटियों में बर्फबारी हुई है। चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हेमकुंड साहिब में पवित्र सरोवर का पानी पूरी तरह से जम गया है।
वहीं, मौसम विभाग ने राज्य के चार पहाड़ी जिलों में आगामी 36 घंटे में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। जबकि मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है।
चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बूंदाबांदी की वजह से तापमान गिर गया। ऊंचाई वाली जगहों पर हल्की बर्फबारी भी हुई। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आगामी 36 घंटे में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जनपदों में तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि मैदानी जिलों देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं ओले पड़ने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आगामी दो दिन पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
ऊंची चोटियों हिमपात, धारचूला, अस्कोट में बारिश
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के पिथौरागढ़ जिले की ऊंची चोटियों पर बुधवार सुबह से हिमपात हुआ है। धारचूला और अस्कोट में दोपहर बाद बारिश के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जिले के अन्य हिस्सों में आसमान बादल से घिरा रहा।
अल्मोड़ा समेत कुमाऊं के अन्य जिलों में भी बुधवार को मौसम काफी ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी बदली छाई रहेगी।
मुनस्यारी में पंचाचूली, हंसलिंग, छिपलाकेदार की चोटियों और धारचूला में लिपुलेख, कालापानी में बुधवार को हिमपात हुआ है। मौसम में बदलाव से मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। धारचूला में बुधवार को दोपहर बाद बारिश जबकि अस्कोट में हल्की बूंदाबांदी हुई। निचले इलाकों में बारिश से किसानों को राहत मिली है। मदकोट में भी दोपहर बाद हल्की बारिश हुई।