केदारनाथ में बर्फबारी, धाम में 12 फीट बर्फ जमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केदारनाथ में सोमवार को तड़के से बर्फबारी शुरू हुई और दोपहर तक दो फीट नई बर्फ गिरी।
धाम में अब करीब 12 फीट बर्फ जमा हो गई है। जिले के अंतिम गांव तोषी में भी दो फीट बर्फ गिर गई है। पर्यटक स्थल चोपता, दुगलबिट्टा, बनियाकुंड सहित जखोली ब्लाक के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है।
रातभर की बारिश के बाद सोमवार सुबह से निचले इलाकों में बारिश हो रही है। जबकि बीच-बीच में अचानक चटक धूप भी खिल रही है। दूसरी तरफ केदारनाथ में सोमवार तड़के 4 बजे से तेज हिमपात का सिलसिला बना रहा।
निम के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दो फीट से अधिक बर्फ धाम में गिर चुकी है। जबकि पहले से धाम में 10 फीट से अधिक बर्फ मौजूद है। धाम में प्रात: 6 बजे तापमान माइनस 2.9 डिग्री और दोपहर को माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खराब मौसम से पुनर्निर्माण कार्य भी बंद रहे। निम के सभी सदस्य अपने-अपने कैंपों में रहे।
सड़कों पर भारी पड़ी बारिश, वाहन फंसे
गोपेश्वर के पोखरी क्षेत्र की हापला घाटी में रविवार रात को हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हापला-धोतीधार-कलसिर मोटर मार्ग कई जगहों पर मलबा आने से बंद हो गया है। यहां दो बस, सब्जी का ट्रक और तीन जीपें जगह-जगह फंस गई हैं।
सोमवार को सड़क बंद होने के कारण कलसिर गांव से छिनका जाने वाली परमवीर राणा की बारात करीब 11 किमी पैदल चलकर बछेर पहुंची। इसके बाद छिनका गई। हापला-धोतीधार-कलसिर मोटर मार्ग पीएमजीएसवाई गौचर के अधीन है।
वर्ष 2013 की जलप्रलय के दौरान तीन से पांच किमी सड़क तक के पुश्ते क्षतिग्रस्त हो गए थे। सड़क को सुचारु करने के लिए विभाग ने यहां पर काम चलाऊ पुश्तों का निर्माण किया, जो रविवार रात की बारिश से ध्वस्त हो गए हैं। सड़क जगह-जगह दलदल में तब्दील हो गई है।
स्थानीय निवासी बलवंत सिंह राणा ने बताया कि जोशीमठ-औली और गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग भी कई जगहों पर बर्फबारी के कारण बंद हो गया। देर शाम औली मार्ग पर यातायात के लिए खुल गया। सोमवार को गोपेश्वर से ऊखीमठ जाने वाली बस सेवा भी बंद रही। बर्फ हटाने के लिए लोनिवि और जीएमवीएन के पास एक स्नो कटर तक की व्यवस्था नहीं है।
इधर, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता बीएस रावत का कहना है कि कलसिर सड़क निर्माणाधीन है। जल्द ही यहां आवाजाही सुचारु कराई जाएगी। सड़क पर पांच किमी तक पुश्तों का निर्माण किया जाएगा।