केदारनाथ धाम में लगातार हुई बर्फबारी, लौटी ठंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक रविवार को उत्तराखंड तीनों जिलों रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई।
राजधानी देहरादून को भी दिनभर बारिश भिगोती रही। सोमवार को भी दून में सुबह से ही जोरदार बारिश को दौर जारी रहा।
केदारनाथ में बेस कैंप, हेलीपैड, मंदिर परिसर फिर बर्फ की चादर से ढक गया है। मौसम का मिजाज बिगड़ने से पहाड़ में फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है।
रविवार को दिनभर रिमझिम बारिश के कारण केदारनाथ में दो फीट से अधिक बर्फ गिरी। धाम में अब लगभग 8 फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। सुबह से ही मौसम के खराब होने से केदारनाथ में पुनर्निर्माण के कार्य भी ठप रहे।
निम के मजदूर अपने-अपने कैंपों में रहे। मीडिया प्रभारी देंवेद्र सिंह ने बताया कि सुबह 7 बजे बेस कैंप के रास्ते की सफाई का कार्य शुरू किया गया, लेकिन कुछ ही देर में अचानक तेज बारिश और फिर बर्फबारी के कारण कार्य रोक दिए गए।
सबेरे 7.30 बजे से धाम में बर्फबारी शुरू हो गई थी, जो शाम तक जारी थी। जखोली और ऊखीमठ तहसीलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। निचले इलाकों में बारिश के साथ शीतलहर चल रही है।
बारिश और बर्फबारी से लौटी ठंड
गोपेश्वर/जोशीमठ में रविवार को सुबह से ही निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जिससे एक बार फिर ठंड में इजाफा हो गया है।
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, तुंगनाथ, फूलों की घाटी, बेदनी बुग्याल, औली, गौरसौं बुग्याल, पनार बुग्याल, चेनाप घाटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी से जोशीमठ औली और गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग जगह-जगह अवरुद्ध हो गया है।
बदरीनाथ हाईवे भी हनुमान चट्टी से आगे अवरुद्ध हो गया है। ठंड के चलते दिनभर बाजार भी सूने पडे़ रहे। बारिश से कई संपर्क मार्ग जोखिम भरे हो गए हैं।
झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तरकाशी में रविवार सुबह करीब दस बजे से जिले के घाटी वाले इलाकों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
जबकि हर्षिल, गंगोत्री, खरसाली, यमुनोत्री, सांकरी, हरकीदून, केदारकांठा आदि ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। हालांकि इन स्थानों पर फिलहाल सड़क यातायात सुचारू है, लेकिन बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा तो वाहनों के पहिए थम सकते हैं।
उपला टकनौर क्षेत्र के सुक्की, झाला, जसपुर एवं पुराली गांव में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। ग्रिड की लाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। बारिश एवं बर्फबारी के चलते तापमान में जबर्दस्त गिरावट आ गई है।
बीते दिनों जहां जिला मुख्यालय क्षेत्र में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा था, वहीं रविवार को तापमान 15 डिग्री के आसपास रहा। बर्फबारी वाले इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंचने पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
तापमान पर एक नजर
स्थान - अधिकतम - न्यूनतम
गोपेश्वर - 6 डिग्री - 2 डिग्री
जोशीमठ - 4 डिग्री - 1 डिग्री
केदारनाथ - -1.2 - -3.6 डिग्री
भीगा-भीगा दिन, गीली-गीली रात
फाल्गुन माह में उत्तराखंड में रविवार की सुबह बारिश के साथ शुरू हुई। इसके बाद तो पूरे दिन कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। कई बार लोगों को सावन की झड़ी याद आ गई।
शाम को कुछ देर के लिए आसमान से बादल थोड़े कम तो हुए, लेकिन रात से तेज बारिश शुरू हो गई। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। दिन में जहां लोगों को भीगे-भीगे पन का एहसास हुआ, वहीं रात पूरी तरह से गीली-गीली सी हो गई।
बारिश के कारण दिन का पारा धड़ाम हो गया। दून में अधिकतम तापमान में दस डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भी चार जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी है।
प्रदेश में रविवार को अधिकतर स्थानों पर बारिश हुई तो मसूरी में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से बाजारों में सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
विभाग के मुताबिक इन जिलों में 65 से 100 मिमि बारिश और 35 से 60 सेंटीमीटर बर्फ पड़ सकती है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी अपेक्षाकृत तेज बारिश, ओलवृष्टि और अंधड़ की आशंका है। दून में भी बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओले पड़ने की भी आशंका है।
छूटी कंपकंपी
पारे में गिरावट आने से एक बार फिर सर्दी का मौसम लौट आया। रविवार को मसूरी में सैलानियों ने बाजार का रुख नहीं किया। शाम को यहां पारा शून्य पर पहुंच गया।
देहरादून में दिनभर लोग जैकेट पहनकर घूमते देखे गए। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ठंड की वजह से ठिठुरन बढ़ गई। शनिवार को दून में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री था, लेकिन रविवार को 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।