बर्फ और बारिश से जम गया उत्तराखंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निचले इलाकों में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है।
फागुन के महीने में इस तरह की बारिश ने सावन के महीने का एहसास कर दिया है।
रुक-रुककर बारिश हुई और ओले गिरे
रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार को केदारनाथ, तुंगनाथ की चोटियों पर तो चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, औली समेत सभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरी।
उत्तरकाशी में गंगोत्री-यमुनोत्री की ऊंची पहाड़ियों पर भी हिमपात हुआ। बारिश-बर्फबारी से पहाड़ के इलाके कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। जोशीमठ में तो प्रशासन की ओर से अलाव तक की व्यवस्था की गई है।
वहीं दून में भी ज्यादातर वक्त रिमझिम बारिश होती रही। मसूरी और जौनसार बावर के इलाके में दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई और ओले गिरे।
उधर कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में लगातार तीसरे दिन भी मौसम खराब रहा। मुनस्यारी में आज भी बर्फबारी हुई। कालामुनि में करीब दो फीट बर्फ गिर गई है। लगातार बारिश से भीमताल झील के जलस्तर में तीन इंच की बढ़ोतरी हुई है।
आठ डिग्री से ज्यादा लुढ़का दून का पारा
देहरादून में शुक्रवार से जारी बारिश का सिलसिला शनिवार को महज कुछ वक्त के लिए थमा। ज्यादातर वक्त रिमझिम कायम रही।
लगातार हो रही बरसात की वजह से राजधानी का पारा आठ डिग्री तक लुढ़क गया। उधर, मुख्य बाजारों में रौनक आम दिनों के मुकाबले कम रही।
यहां शाम साढ़े पांच बजे तक 21 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। आर्द्रता का प्रतिशत अधिकतम 95, जबकि न्यूनतम 89 दर्ज किया गया। प्रदेश भर में बारिश का यह रुख कायम रहा।
मौसम में ज्यादा तब्दीली का अनुमान नहीं
टिहरी में 1.6, जबकि मुक्तेश्वर में 1.2 बारिश रिकार्ड की गई। बेहद ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी कायम है। पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग समेत कई स्थानों पर चोटियों पर बर्फ गिरी।
राज्य मौसम केंद्र की मानें तो रविवार को भी मौसम में रुख में ज्यादा तब्दीली का अनुमान नहीं। कहीं-कहीं वर्षा के साथ ही बर्फबारी संभव है। दून में आंशिक बादल रह सकते हैं, कुछ समय के लिए धूप निकल सकती है।
राजधानी के कुछ क्षेत्रों में गरजन वाले बादल विकसित होने की आशंका है। अधिकतम तापमान में अलबत्ता उछाल की संभावना है। यह 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
धनोल्टी, सुरकंडा में लगातार हिमपात
मसूरी में शनिवार दिनभर बारिश और ओले गिरने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। शाम साढ़े पांच बजे ओले गिरने से ठिठुरन बढ़ गई, जबकि धनोल्टी, नागटिब्बा और सुरकंडा देवी मंदिर में हिमपात हुआ।
वीकएंड पर नगर में काफी सैलानी पहुंचे मगर सुबह से हो रही बारिश और ओले से होटल में दुबक गए। नगर में तापमान शून्य के आसपास रहा।
धनोल्टी और सुरकंडा देवी मंदिर, कद्दूखाल में हिमपात के चलते मार्ग पूरी तरह ठप हो गया है। है। इससे चंबा-टिहरी समेत अन्य शहरों का संपर्क मसूरी से टूट गया है।