उत्तराखंड: स्मार्ट राशन कार्ड के लिए पांच लाख कार्डों का डाटा तैयार, जल्द होगा वितरण
- अप्रैल के प्रथम सप्ताह में शुरू होगा नए कार्डों को वितरण
- प्रदेश में 23 लाख परिवारों के बनेंगे स्मार्ट राशन कार्ड
विस्तार
उत्तराखंड में स्मार्ट राशन कार्ड बनाने के लिए पांच लाख परिवारों का डाटा तैयार कर लिया है। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में नए कार्डों का वितरण शुरू हो जाएगा। प्रदेश में 23 लाख से अधिक परिवारों को पुराने राशन कार्ड की जगह स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे।
प्रदेश में अंत्योदय, प्राथमिक परिवार और राज्य खाद्य योजना के तहत अभी तक अलग-अलग राशन कार्ड हैं, लेकिन तीनों योजना में एक ही तरह के स्मार्ट कार्ड होंगे। सस्ता राशन लेने के लिए वर्तमान में प्रचलित राशन कार्डों की अवधि वर्ष 2018 में समाप्त हो गई है। पुराने कार्डों में सदस्यों के नाम व जन्म तिथि में भारी गलतियां होने के कारण विभाग ने स्मार्ट कार्ड बनाने से पहले सत्यापन कराया।
अब तक प्रदेश में पांच लाख परिवारों के राशन कार्डों का सत्यापन कर डाटा तैयार किया जा चुका है। सचिव खाद्य एवं आपूर्ति सुशील कुमार ने बताया कि पुराने राशन कार्डों का सत्यापन करने के बाद ही स्मार्ट राशन कार्ड बनाए जाएंगे।
कार्ड धारक को स्वयं ही सदस्यों के नाम का सत्यापन करना है। स्मार्ट कार्ड के लिए प्रत्येक सदस्य का आधार नंबर लिंक होना जरूरी है। जिन कार्डों का सत्यापन हो चुका है, उनकी प्रिंटिंग शुरू हो चुकी है। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में स्मार्ट कार्डों का वितरण शुरू किया जाएगा।