उत्तराखंड में एक नहीं अब होंगे छह स्मार्ट सिटी, जानिए कहां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में देहरादून के साथ ही छह शहरों के स्मार्ट बनने का रास्ता साफ हो गया है। छह में से चार शहरों के लिए जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। सभी छह शहर नए स्थानों पर बसाए जाएंगे। हालांकि, पुराने बसे शहरों में सुविधा बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
इसके लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में तीन-तीन शहरों का चयन कर लिया गया है। गढ़वाल मंडल में दून, उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़, चमोली के गैरसैंण और कुमाऊं मंडल में ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा के जागेश्वर चिह्नित किए गए हैं।
उत्तराखंड आवास एवं नगरीय विकास प्राधिकरण (उडा) के अनुसार राज्य सरकार की ओर से फिलहाल केवल छह शहरों को विकसित करने की दिशा में ही काम चल रहा है। इन शहरों के लिए अगले 10 से 15 वर्षों की परियोजना तैयार की जाएगी।
केंद्र के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में पहले से दून
राज्य सरकार अपने संसाधनों से इन शहरों को विकसित करेगी। वहीं, केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना के लिए पहले चरण में प्रदेश से देहरादून का चयन किया गया है। पहले चरण में विकसित होने वाले 20 शहरों का चयन अब होना है। इसे लेकर इन दिनों स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट (एससीपी) तैयार किया जा रहा है।
किस जिले में कहां भूमि का चयन
देहरादून में टी स्टेट, गैरसैंण में पशुपालन विभाग, जागेश्वर में उद्यान विभाग और रुद्रपुर में आंचल फार्म की जमीन चिह्नित हुई है। चिन्यालीसौड़ और पिथौरागढ़ में जमीन चिन्हित करने की कार्रवाई चल रही है।
इनका है कहना
पुराने बसे हुए शहर नियोजित तरीके से नहीं बसाए गए हैं। नए स्मार्ट शहर पूरी प्लानिंग के साथ बसाए जाएंगे। इसके साथ ही पुराने बसे शहरों में भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
-आर मीनाक्षी सुंदरम, मुख्य प्रशासक, उडा