अमिताभ बच्चन के कॉलेज शेरवुड पर शान का 'ग्रहण'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कभी महानायक अमिताभ बच्चन का कॉलेज रहे नैनीताल के शेरवुड कॉलेज के 9वीं के छात्र नेपाल निवासी शान प्रजापति (14) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब सोशल मीडिया पर ‘जस्टिस फार शान’ के नाम से भी छा गया है।
बड़ी संख्या में नैनीताल के लोग, शेरवुड के पूर्व छात्र फेसबुक, व्हॉट्सएप, ट्विटर पर शान के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। लोगों ने उसे न्याय दिलाने के लिए एक विरोध मार्च निकालने की भी बात कही है।
सोशल मीडिया पर चल रही इस मुहिम को सबसे ज्यादा सपोर्ट करने वाले लोग काठमांडू (नेपाल) से हैं। लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए ही शेरवुड में पहले भी हुई इस तरह की घटनाओं और शान की मौत में स्कूल की लापरवाही पर फोकस किया है।
वहीं शान की मां नीना श्रेष्ठ ने काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के जरिए भारत सरकार से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। नीना श्रेष्ठ वर्ल्ड बैंक नेपाल में कार्यरत हैं। उन्होंने इस मामले में कॉलेज की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर सच सामने लाने की मांग की।
शान की नोएडा के एक अस्पताल में सेप्टीसीमिया से शुक्रवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर समय से इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया था। संस्थान के पूर्व छात्रों ने भी इस मामले को गंभीर बताते गुस्सा जाहिर किया।
उन्होंने बुधवार को होने वाली स्कूल की संचालन समिति की बैठक में इस पर बहस करने की बात कही। खासकर कॉलेज के प्रिंसिपल अमनदीप संधू की ओर से बरती जा रही अनियमितताओं की जांच कराने की बात मीटिंग में उठाने को कहा गया है। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नोएडा में जीरो एफआईआर दर्ज करवाई थी।
बिशप आफ आगरा को शिकायती पत्र भेजेंगे क्षेत्रवासी
शेरवुड कॉलेज के छात्र शान प्रजापति की मौत मामले में बुधवार को नगर के गणमान्य नागरिकों की बैठक की गई। तय किया गया कि बिशप आफ आगरा को कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं की शिकायत की जाएगी। इसके अलावा गांधी चौक में धरना प्रदर्शन तथा कैंडल मार्च किया जाना भी तय किया गया।
बैठक में क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या, पूर्व दर्जा मंत्री डा.रमेश पांडे, होटल एसोसिएशन सचिव राजेश साह, प्रो. अजय रावत, पालिका सभासद जेके शर्मा, मारुति साह, नीलू एलहंस, ईशा साह, अजमल हुसैन आदि मौजूद थे। भाजपाइयों ने इस बाबत डीएम को ज्ञापन सौंपकर छात्र की मौत मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आरोप लगाया कि प्रबंधन अपनी पहुंच के चलते मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
अब तक नहीं मिली एफआईआर
एएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि अब तक उन्हें नोएडा से जीरो एफआईआर नहीं मिल पाई है। वह भी पुलिस मुख्यालय से संपर्क में हैं। एफआईआर आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शान का शव मोर्चरी में स्कूल ड्रेस में पड़ा था
शान प्रजापति की मां नीना श्रेष्ठ ने शेरवुड कॉलेज प्रबंधन, प्रिंसिपल और हाउस मास्टर पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
दिल्ली के एक अखबार से बातचीत में नीना ने स्कूल प्रबंधन के उस दावे को गलत बताया, जिसमें शान को 13 नवंबर को आईसीयू में भर्ती करने की बात कही गई थी। कहा कि शान का शव मोर्चरी में स्कूल ड्रेस में पड़ा था। अगर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था तो वहां उसके कपड़े बदले जाने थे।
नीना ने यह भी कहा कि उसे पहले 13 नवंबर को 10 बजे उसके बेटे के बीमार होने की बात बताई गई थी। उसने हेडमास्टर को फोन किया मगर कोई जवाब नहीं मिला था। उसने फिर ईमेल के जरिए अपने बेटे के बारे में पूछा। उसी दिन करीब 3 बजे हाउसमास्टर रवि कुमार ने बेटे को गंभीर हालत में बांबे हास्पिटल में भर्ती करवाने की बात कही। प्रिंसिपल अमनदीप संधू ने उसे फोन कर बेटे को दिल्ली ले जाने की बात कही।
वह इस बात पर राजी हुई कि उसे सारी मेडिकल सुविधाओं युक्त एंबुलेंस में ले जाया जाए, लेकिन एंबुलेंस में कोई डॉक्टर नहीं था, डॉक्टर का बताकर जिसका नंबर दिया गया, वह एंबुलेंस चालक का था।
नीना ने ये बताया कि स्कूल नर्स ने उसे बताया था कि शान ने हाउस मास्टर को 11 नवंबर को ही बीमारी की जानकारी दी थी, उसने कहा था कि वह दो रात से सो नहीं पाया, जिस पर हाउस मास्टर ने एक दिन रुकने को कहा था। प्रिंसिपल संधू ने सारे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि शान पहले से बीमार था। उसे दमा था। 11 नवंबर को उसे स्कूल में उपचार दिया गया, बाद में उसे बांबे हास्पिटल ले जाया गया। सुधार न होने पर उसे नोएडा ले जाया गया।
हादसे में मरे थे शेरवुड के दो छात्र
शेरवुड कॉलेज 2010 में भी चर्चा में आया था। तीन अप्रैल को हुई इस घटना में रामनगर क्षेत्र में घूमने गए शेरवुड की सातवीं कक्षा केछात्रों को ट्रैक्टर ट्राली पर बैठाया था। अचानक ट्रैक्टर-ट्राली के पलटने से दो छात्र इब्राहिम अंसारी (कानपुर) व हल्द्वानी के अनमोल भट्ट की मौत हो गई थी, जबकि 36 अन्य छात्र घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने शेरवुड कॉलेज प्रधानाचार्य, प्रबंधन और रिसोर्ट मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।