शांतिकुंज दुष्कर्म प्रकरण: पुलिस ने तेज की जांच, सेवा कार्य करने वाली किशोरियों से भी होगी पूछताछ
- शांतिकुंज प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या के खिलाफ दर्ज है दुष्कर्म का मामला
विस्तार
छत्तीसगढ़ की युवती से दुष्कर्म के प्रकरण की जांच शांतिकुंज में वर्ष 2010 से 2014 तक सेवा कार्य करने वाली किशोरियों और युवतियों तक भी पहुंचेगी। जांच टीम ने उस समय सेवा कार्य करने वाली युवतियों की सूची मांगी है। सूची मिलने के बाद पुलिस उनसे भी पूछताछ करेगी।
शांतिकुंज प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या से जुड़े दुष्कर्म के मुकदमे की जांच में तेजी आई है। छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखने वाली पीड़िता ने अपने बयान कोर्ट में दर्ज करा ही दिए हैं। शांतिकुंज प्रमुख से भी जांच टीम पूछताछ कर चुकी है।
जांच टीम ने शांतिकुंज से जुड़े दस्तावेज कब्जे में ले लिए थे। अब टीम ने उन किशोरियों और युवतियों का ब्योरा मांगा है, जो दुष्कर्म के आरोप यानि 2010 से लेकर 2014 तक शांतिकुंज प्रमुख और उनकी पत्नी की सेवा कार्य में रहते थे। यह सभी देश के अलग अलग प्रदेशों की रहने वाली हैं, माना जा रहा है कि पुलिस टीम इन सभी से भी पूछताछ कर सकती है।
यह है पूरा मामला
जांच में पुलिस भी फूंक फूंक कर कदम रख रही है। सेवा कार्य में करीब सत्तर से अस्सी किशोरियों एवं युवतियों के होने की बात सामने आई है। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ की एक युवती ने शांतिकुंज प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या पर वर्ष 2010 से लेकर 2014 में दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए पांच मई को दिल्ली में एफआईआर दर्ज कराई थी। घटनास्थल शांतिकुंज होने के कारण दिल्ली पुलिस ने केस यहां ट्रांसफर कर दिया था।