12वें दिन मिली कैबिनेट मंत्री मंजूर की बेटी की लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
12 दिनों तक गंगा की छाक छानने के बाद ऋषिकेश की फूलचट्टी में गंगा में डूबी यूपी के श्रम मंत्री शाहिद मंजूर की बेटी अदीबा (24) का शव चीला बैराज के पास बरामद हुआ।
मौके पर मौजूद मंत्री के दो बेटों और रिश्तेदार शव देखते ही बिलख पड़े। बेहद सड़ी-गली हालत में होने के चलते पुलिस कार्रवाई पूरी कर परिजन एंबुलेंस के जरिए शव मेरठ लेकर चले गए।
बीती 10 मई को अदीबा दो दोस्तों के साथ बीच कैंपिंग के लिए ऋषिकेश आई थी। फूलचट्टी में गंगा में पत्थर के ऊपर फोटो खिंचवाते वक्त वह नदी में जा गिरी। उसे बचाने की कोशिश में उसके दो दोस्त भी डूबने लगे।
पीछे से आ रहे राफ्टिंग गाइड ने दोस्तों को बाहर निकाल लिया, लेकिन अदीबा धारा में ओझल हो गई थी। सूचना मिलते मंत्री शाहिद मंजूर उसी दिन तीर्थनगरी पहुंच गए थे। तब से रोजाना सर्च ऑपरेशन के दौरान मंजूर गंगा तटों पर डटे रहे।
सड़ी गली हालत में मिला शव
मंत्री मंगलवार को ही मेरठ लौटे थे। भाई नवाजिश और ताविश रिश्तेदारों के साथ बराबर ऑपरेशन पर निगाह गड़ाए रहे। गुरुवार सुबह आर्मी एडवेंचर विंग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, उतराखंड जल पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों ने गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
फूलचट्टी से बैराज तक तलाश के दौरान रेस्क्यू टीम को दोपहर के वक्त बैराज से करीब 500 मी. पहले राजाजी नेशनल पार्क की सीमा के पास नदी से अदीबा की लाश बरामद की। शव की खबर पर मंत्री का बेटा और रिश्तेदार मौके पर दौड़ पड़े।
अदीबा के शव की शिनाख्त करते हुए परिजन फूट-फूट कर रोने लगे, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि अदीबा का शव सड़ी गली हालत में मिला है। शव से दुर्गंध उठ रही थी। लिहाजा परिजन शिनाख्त के बाद शव एंबुलेंस से सीधे मेरठ ले गए।