सैनिकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर बवाल, कॉलेज में जमकर तोड़फोड़, 7 कश्मीरी छात्र निलंबित
रुड़की के क्वांटम ग्लोबल यूनिवर्सिटी में कश्मीरी छात्र-छात्राओं के देश व सैनिकों के खिलाफ फेसबुक व इंस्ट्राग्राम पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए कॉलेज के अन्य छात्र-छात्राओं ने जमकर बवाल किया। गुस्साए छात्रों ने पथराव कर कॉलेज परिसर में जमकर तोड़फोड़ की।
कॉलेज में बवाल की सूचना पर पांच थानों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बवाल कर रहे छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बवाल कर रहे छात्र कश्मीरी छात्र-छात्राओं पर कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। इस बीच कॉलेज प्रबंधन ने सात कश्मीरी छात्र-छात्राओं को निलंबित कर दिया। इसके बाद छात्र शांत हुए तो कॉलेज प्रबंधन व पुलिस ने राहत की सांस ली।
भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित क्वांटम ग्लोबल यूनिवर्सिटी में मंगलवार को कुछ छात्रों ने सात कश्मीर छात्र-छात्राओं पर सोशल मीडिया फेसबुक और इंस्ट्राग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि छात्रों की कश्मीरी छात्र-छात्राओं से इस बात को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए छात्रों ने कॉलेज में जमकर बवाल किया और पथराव करते हुए कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ कर दी।
बताया गया है कि कश्मीरी छात्रों के साथ हाथापाई भी हुई। छात्रों को बवाल करता देख कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र सातों छात्र-छात्राओं पर कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे और हंगामा करते रहे। कॉलेज प्रबंधन ने भगवानपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र बवाल करते रहे।
बवाल को देखते हुए मंगलौर, झबरेड़ा, कलियर और सिविल लाइंस कोतवाली का पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया। इस बीच कॉलेज प्रबंधन ने आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में कश्मीरी सात छात्र-छात्राओं को निलंबित करते हुए जांच बैठा दी। कश्मीरी छात्रों पर कार्रवाई होने पर हंगामा कर रहे छात्र शांत हुए। यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर अमित दीक्षित ने बताया कि कश्मीर के सात छात्र-छात्राओं को निलंबित कर दिया गया है।
आपत्तिजनक आरोपों की जांच चलने तक सातों के कॉलेज में आने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही कॉलेज में जांच कमेटी गठित की गई है। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन ने सातों छात्रों का निलंबन करने की जानकारी दी है। अगर कॉलेज प्रबंधन की तरफ से तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इन छात्र-छात्राओं को किया निलंबित
बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र फईम फारुख भट्ट पुत्र मोहम्मद फारुख भट्ट और मोहम्मद आकिब रियाज हुर्रहा पुत्र रियाज अहमद हुर्रहा निवासी गांव मंदिना, पोस्ट पुलवामा, जम्मू कश्मीर, बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र सलमान खान पुत्र फैय्याज अहमद खान निवासी खान मोहल्ला निकट बस स्टैंड, खूनमोह, श्रीनगर, जम्मू कश्मीर, बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा फरहाना पुत्री इम्तियाज अहमद निवासी गांव उथूरो, जिला पुलवामा, जम्मू कश्मीर, बीएससी (रेडियो) प्रथम वर्ष के छात्र मोहसब अय्यूब पुत्र मोहम्मद अय्यूब वानी निवासी बाघी रहमत ग्रीन टाउन बाईपास, सौपर, जम्मू कश्मीर, बीएससी (रेडियो) प्रथम वर्ष की छात्रा अनीसा खलील पुत्री मोहम्मद खलील निवासी मोहल्ला दबरूना निकट ब्रिज, पोस्ट अनंतनांग, जम्मू कश्मीर, बीएससी (रेडियो) प्रथम वर्ष की छात्रा अरूज यूनुस पुत्री मोहम्मद युनूस निवासी मोहल्ला मोमिनाबाद, जिला अनंतनां, जम्मू कश्मीर।
पुलिस के सामने तोड़फोड़
क्वांटम कॉलेज में छात्रों ने पुलिस के सामने ही जमकर बवाल काटा। छात्र कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ करते रहे और पुलिस मूकदर्शक बनकर सबकुछ देखती रही। पुलिस छात्रों के बीच में जाकर उन्हें समझाने तक की हिम्मत नहीं जुटा पाई। अगर पुलिस समय रहते छात्रों को शांत कर लेती तो यह घटना इतना बड़ा रूप न लेती।
कॉलेज प्रबंधन ने दिखाई लापरवाही
कश्मीरी छात्रों की आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल करने की चिंगारी दो दिन से उठ रही थी। छात्रों ने इसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधन से भी की थी, लेकिन कॉलेज प्रबंधन ने इसे हल्के में लिया। कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के चलते मंगलवार को छात्रों का गुस्से ने बवाल का रूप धारण कर दिया। अगर कॉलेज प्रशासन समय रहते स्थिति को भांपते हुए कोई एक्शन ले लेता तो इतनी बड़ी घटना न होती।
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी किया हंगाम
कश्मीरी छात्रों के सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने की जानकारी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को मिली तो वह भी भारी संख्या में क्वांटम कॉलेज पहुंच गए। जहां छात्रों के समर्थन में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। साथ ही कश्मीरी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी कार्रवाई न होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।
नफरत फैलाने को हिंदी नहीं उर्दू का इस्तेमाल
क्वांटम कॉलेज में पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है या नहीं, इसकी जांच चल रही है। लेकिन जिस तरह से सोशल मीडिया पर उर्दू में आपत्तिजनक पोस्ट की गई है, उससे यह साफ हो गया है कि कुछ असामाजिक तत्व हिंदी नहीं उर्दू का इस्तेमाल कर नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। एसपी देहात नवनीत सिंह ने बताया कि उर्दू की जो पोस्ट की गई है, उसके लिए उर्दू के एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है।