मसूरी: मालरोड पर नियम तोड़ने वाले वाहनों पर अब रहेगी हाईटेक कैमरों की नजर, तीन जगह लगेंगे बोलार्ड
मालरोड पर गढ़वाल टैरेस और पद्मिनी निवास के नजदीक एएनपीआर कैमरे लगाने पर विचार किया जा रहा है। इन कैमरों के माध्यम से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट की स्पष्ट तस्वीर प्राप्त की जा सकेगी।
विस्तार
मालरोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और प्रतिबंधित समय में वाहनों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए प्रशासन अब तकनीक का सहारा लेगा। मालरोड पर दो स्थानों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए तीन स्थानों पर बोलार्ड लगाने की तैयारी है। एसडीएम राहुल आनंद ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मालरोड का निरीक्षण कर कैमरे लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए।
एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि उच्च न्यायालय में प्रवेश पंत बनाम उत्तराखंड सरकार से संबंधित याचिका के क्रम में गृह सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। मालरोड पर गढ़वाल टैरेस और पद्मिनी निवास के नजदीक एएनपीआर कैमरे लगाने पर विचार किया जा रहा है। इन कैमरों के माध्यम से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट की स्पष्ट तस्वीर प्राप्त की जा सकेगी। इससे वाहनों की पहचान करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
देहरादून: वीकेंड के लिए दून, मसूरी और ऋषिकेश का ट्रैफिक प्लान तैयार, दबाव बढ़ने पर बदलेंगे रूट
प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वालों पर रहेगी नजर
मालरोड पर शाम साढ़े चार बजे से रात दस बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। इसके बावजूद प्रतिबंधित समय में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन तीन स्थानों पर बोलार्ड लगाने की तैयारी कर रहा है। कैमरों और बोलार्ड की मदद से प्रतिबंधित समय में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट का उल्लंघन और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर भी निगरानी रखने में मदद मिलेगी। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को पूर्व की भांति छूट मिलती रहेगी।
बड़े वाहनों के लिए कोल्हूखेत-झड़ीपानी मार्ग की जांच
मसूरी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोल्हूखेत-झड़ीपानी वैकल्पिक मार्ग को बड़े वाहनों के लिए उपयोगी बनाने की मांग भी उठती रही है। एसडीएम ने बताया कि इस मार्ग से बड़े वाहनों की आवाजाही संभव है या नहीं, इसकी जांच कराई जाएगी। मार्ग की सुरक्षा और बड़े वाहनों के संचालन की उपयुक्तता का आकलन किया जाएगा। जांच के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। मालरोड पर कैमरे लगाने और बोलार्ड स्थापित करने की योजना को यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।