केदारनाथ से चौराबाड़ी ट्रेकिंग के लिए गया पर्यटक फंसा, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर बचाया
केदारनाथ से चौराबाड़ी की ओर ट्रेकिंग के लिए गया एक युवक पर्यटक घने कोहरे में रास्ता भटक गया और देर रात तक वहीं फंसा रहा। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने पर्यटक को वहां से सकुशल निकाला।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश निवासी साईं भास्कर (21 वर्ष) नामक युवक ट्रेकिंग करते-करते चौराबाड़ी ताल से काफी आगे निकल गया। वहां घना कोहरा और जंगल होने से वह रास्ता भटक गया।
मोबाइल पर सिगनल नहीं होने से वह किसी को सूचना भी नहीं दे पाया। काफी देर बाद रात दस बजे मोबाइल नेटवर्क के काम करने पर उसने किसी प्रकार 112 नंबर पर डायल कर मदद की गुहार लगाई।
इस सूचना पर केदारनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद केदारनाथ से पुलिस व एसडीआरएफ की संयुक्त टीम युवक की खोज के लिए क्षेत्र में भेजी गई। टीम युवक को खोजते हुए चौराबाड़ी ताल के पास पहुंची और लंबा जंगल छानने के बाद मध्य रात्रि करीब दो बजे युवक को खोज लिया गया।
युवक ने बताया कि वह अपने ग्रुप से अलग होकर ट्रेकिंग के लिए निकल गया था और चलते-चलते दूर जंगल में चला गया। इसके बाद वह वापसी का रास्ता तलाश रहा था, लेकिन घने जंगल में ठंड और कोहरा होने के कारण वह वहीं फंस गया।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने युवक को रात में ही वहां से सुरक्षित निकाला। एसडीआरएफ व पुलिस की संयुक्त टीम में एसआई धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल विक्रम सिंह, लक्ष्मण सिंह, कुलदीप सिंह, अनुज, गोविंद, अरुण आदि शामिल थे।