दून: मंदिर में प्रवेश पर दलितों को पीटा फिर वसूला अर्थ दंड
देहरादून के गबेला स्थित कुकुर्शी महाराज मंदिर में दलितों के प्रवेश पर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। एक दलित परिवार ने आरोप लगाया है कि कुकुर्शी मंदिर में प्रवेश करने पर ग्रामीणों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर आर्थिक दंड के नाम पर 501 रुपये भी वसूले।
पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत कालसी थाना पुलिस और एसडीएम कालसी से की है। एसडीएम प्रेमलाल का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। राजस्व उपनिरीक्षक को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
टीकम सिंह निवासी मल्लावाला, बिन्हार तहसील विकासनगर ने बताया कि बीते 18 नवंबर को वह अपनी पत्नी कविता और ससुर दौलतू निवासी गौना तहसील चकराता, गबेला स्थित कुकुर्शी महाराज मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। टीकम सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती है इसलिए वह देवता से मन्नत मांगने गए थे।
जान से मारने की धमकी, वसूला अर्थ दंड
सुबह 11 बजे टीकम सिंह ने पत्नी के साथ मंदिर में दर्शन किए, जबकि उनके ससुर दौलतू मंदिर के बाहर बैठे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने दौलतू को पहचान लिया और उनके साथ मारपीट करने लगे। बचाव में आने पर टीकम सिंह और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। इसी बीच वहां कई महिलाएं भी आ गईं।
सभी जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने लगे और तीनों की बलि लेने की बात करने लगे। लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। डरा-धमका कर आर्थिक दंड के रूप में उनसे 501 रुपये वसूलकर भविष्य में मंदिर में नहीं आने की हिदायत दी गई।
शुक्रवार को पीड़ित पक्ष ने आपबीती आराधना ग्रामीण विकास समिति केंद्र के संरक्षक और दलित नेता दौलत कुंवर को सुनाई। दौलत कुंवर ने पीड़ित परिवार का सीएचसी विकासनगर में मेडिकल कराया और उनकी मुलाकात एसडीएम कालसी प्रेमलाल से कराई।