सासी गैंग का शातिर चोर नाबालिग के साथ गिरफ्तार, शादी समारोह में चोरी करने में माहिर है गिरोह
- दूल्हे के पिता के बैग में थे डेढ़ लाख रुपये और जेवरात, आरोपियों से चोरी के पैसों से खरीदी गई कार भी बरामद
- नाबालिगों की मदद से शादी में चोरी करता है शातिर गैंग, गिरफ्तार लाखन के खिलाफ दिल्ली में दर्ज हैं चार मुकदमे
विस्तार
देहरादून में नेहरू कालोनी पुलिस ने सासी गैंग के शातिर को नाबालिग के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह गैंग शादी समारोह में नाबालिग की मदद से चोरियां करता है। आरोपियों ने दिसंबर माह में एक शादी समारोह से दूल्हे के पिता का बैग साफ कर दिया था। इनके पास से 12 हजार रुपये और सोने की दो चेन बरामद हुई हैं। साथ ही चोरी की रकम से खरीदी गई कार भी जब्त की गई है।
किशनगर एंकलेव निवासी इंद्रजीत कक्कड़ ने इस संबंध में नेहरू कालोनी में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि सात दिसंबर को जोगीवाला स्थित एक बैंक्वेट हॉल में उनकी बेटी की शादी थी। इस दौरान उनके समधी (दूल्हे के पिता) गिरीश कक्कड़ निवासी द्वारिका, नई दिल्ली का बैग चोरी हो गया था। इसमें डेढ़ लाख रुपये, सोने की चेन और अंगूठी थी।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बैग ले जाता नजर आया था। घटनास्थल पर मध्य प्रदेश नंबर की एक सफेद कार भी नजर आई। पुलिस टीम को मध्य प्रदेश पहुंची तो फुटेज में दिखे संदिग्ध की पहचान लाखन निवासी ग्राम गुल खेड़ी पचोर थाना नोएडा (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। पता चला कि लाखन नाबालिग बच्चों की मदद से शादी समारोह में चोरी और टप्पेबाजी करता है। हालांकि, पुलिस टीम लाखन को नहीं पकड़ पाई थी।
दूल्हा-दुल्हन पक्ष की करते थे रेकी
बृहस्पतिवार को पुलिस ने सूचना के आधार पर हरिद्वार के चंडी चौक के पास से लाखन को एक नाबालिग के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों फिर से वारदात करने की फिराक में थे। लाखन के खिलाफ नई दिल्ली के वसंत विहार कुंज थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं।
यह गैंग शादियों के सीजन में सक्रिय रहता था। पुलिस के अनुसार आरोपी सांसी बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं। इसीलिए जुर्म की दुनिया में इस गिरोह को सांसी गैंग के नाम से जाना जाता है। पुलिस के अनुसार गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सांसी गैंग शादी समारोह में चोरी के लिए नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल करते है। थाना प्रभारी दिलबर नेगी ने बताया कि नाबालिग को चोरी की पूरी ट्रेनिंग दी जाती है। चोरी से पहले दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों पर नजर रखी जाती है।
यह पता लगाया जाता है कि कैश किसके पास होगा। रस्माें की अदायगी में पैसे देने वाले शख्स पर इनकी नजर रहती है। ट्रारगेट चिह्नित होने के बाद बड़ी सफाई से नाबालिग हाथ साफ कर देता है। नेहरू कालोनी क्षेत्र में बैग चुराने के बाद आरोपी सहारनपुर के रास्ते फरार हो गए थे।
