कड़ी सुरक्षा के बीच 4 दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे मोहन भागवत, संघ स्वयं सेवकों की लेंगे 'क्लास'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत चार दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के लिए देहरादून पहुंच गए हैं। वे हवाई मार्ग से देर शाम जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचे। वहां आरएसएस के क्षेत्र कार्यवाह शशिकांत दीक्षित और प्रांत प्रचारक युद्धवीर सिंह ने उनका स्वागत किया।
देर रात जेड प्लस सुरक्षा के बीच संघ प्रमुख सड़क मार्ग से सीधे तिलक रोड स्थित आरएसएस के प्रांतीय कार्यालय पहुंचे। वे चार दिनों तक इसी कार्यालय में रहेंगे। इस दौरान कार्यालय में केवल उन्हीं स्वयंसेवकों के प्रवेश की अनुमति होगी, जिनके नाम कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भागवत का फिलहाल सरकार या संगठन के किसी भी मंत्री, विधायक या पदाधिकारी से मिलने का कार्यक्रम नहीं है। उनका यह दौरा विशुद्ध रूप से स्वयंसेवकों से मेल मिलाप का है।इस दौरान वे संघ के कामकाज और गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और मार्गदर्शन देंगे। इसकी शुरुआत मंगलवार को महानगर शाखा मुख्य शिक्षक एवं शाखा कार्यवाह की बैठक से होगी।
यहीं से श्रेणीवार दायित्ववान स्वयं सेवकों के साथ बैठकें कर संगठन की गतिविधियों और विस्तार की समीक्षा करेंगे। प्रवास के दौरान देश व समाज की वर्तमान परिस्थितियों पर प्रबुद्ध नागरिकों, साहित्यकार, शिक्षाविद्, राज्य के कलाकारों और गायकों से देश की वर्तमान स्थिति व लोक संस्कृति पर चर्चा करेंगे।
संघ कार्यालय में सुबह से ही चहल पहल
आरएसएस प्रमुख के प्रवास को लेकर तिलक रोड स्थित संघ के प्रांतीय कार्यालय में सुबह से ही चहल पहल का माहौल रहा। प्रवास की तैयारियों में महानगर के स्वयंसेवक सुबह से जुटे थे। इस दौरान कार्यालय के आसपास पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
ये होगा कार्यक्रम
आज: भागवत संघ के शाखा कार्यवाह और मुख्य शिक्षकों के साथ बैठक व स्वयं सेवकों से मिलेंगे।
बुधवार: नगर इकाइयों की कार्यकारिणी, देहरादून, विकासनगर, पुरोला इकाइयों के दायित्ववान स्वयं सेवकों के साथ बैठक।
बृहस्पतिवार: डिग्री और पीजी कालेज में छात्र हित में काम करने वाले दायित्वान विद्यार्थियों की बैठक व शाम को स्वयं सेवकों का परिवार सम्मेलन।
शुक्रवार: संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद लोक संस्कृति कलाकार, गायकों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और प्रबुद्ध नागरिकों इंटर कालेजों के प्रधानाचार्यों से वार्तालाप।