रुड़की निकाय चुनाव: 40 वार्डों के एक लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान, अधिसूचना जारी
राज्य निर्वाचन आयोग ने रुड़की नगर निगम में आचार संहिता लागू कर दी है। 22 नवंबर को यहां बैलेट से मतदान होगा। मंगलवार को मीडिया से मुखातिब राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी को भी आचार संहिता के मामलों में निगाह रखने को कहा है। रुड़की नगर निगम में 22 नवंबर को मतदान होगा।
निगम में आरक्षण से लेकर परिसीमन तक का काम पहले ही पूरा करा लिया था। जिला निर्वाचन अधिकारी के स्तर से भी अब निगम क्षेत्र में मतदाताओं सहित अन्य लोगों को यह जानकारी दी जाएगी।
आयुक्त के मुताबिक चुनाव में 140538 मतदाता वोट कर सकेंगे। मतदान के लिए 53 केंद्र बनाए हैं। कुल मिलाकर 40 वार्डों में 149 मतदान स्थल बनाए हैं। मतदान बैलेट पेपर पर होगा। आचार संहिता के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
ये है आरक्षण की स्थिति
मेयर - सामान्य
महिला - शेरपुर (अनुसूचित जाति), आदर्श नगर, सेलानीपुरम, खंजरपुर, सीबीआरआई, पूर्वावली, शेखपुरी, गणेशपुर (उत्तरी), शिवपुरम, चावमंडी ( पिछड़ी जाति), सुभाष नगर, कृष्णानगर, सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र (अनुसूचित जाति), माहीग्रान (पिछड़ी जाति)
सामान्य - आईआईटी, सिविल लाइन मध्य, जादूगर रोड, मोहनपुरा दक्षिण, डिफेंस कालोनी, आसफ नगर, साउथ सिविल लाइन, प्रीत विहार, गणेशपुर दक्षिण, रामनगर, आवास विकास, मकतूलपुरी, पूर्वी दीन दयाल, वर्ल्ड बैंक कालोनी, सोत, सत्ती, भारत नगर, पुरानी तहसील, काशीपुरी
अनुसूचित जाति मतलबपुर, पश्चिम अंबर तालाब, साकेत
पिछड़ी जाति मोहनपुरा उत्तरी, सलेमपुर राजपुताना, पूर्वी अंबर तालाब
निगम एक निगाह
कुल मतदाता 140538
महिला 67916
पुरुष 72622
कुल वार्ड 40
मतदान कें द्र 53
मतदान स्थल 149
आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम
नामांकन एक और दो नवंबर
नामांकन पत्रों की जांच चार और पांच नवंबर
नामांकन पत्रों की वापसी छह नवंबर
प्रतीक चिन्ह आवंटन सात नवंबर
मतदान 22 नवंबर
मतगणना 24 नवंबर
क्या है स्थिति
कुल निगम 8
भाजपा 5
कांग्रेस 2
सियासी समीकरण
कोटद्वार और हरिद्वार नगर निगम के चुनाव में भाजपा को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था। इस स्थिति को देखते हुए हरिद्वार जिले के अधीन भाजपा की कोशिश इस सीट पर कब्जे की है। कांग्रेस अपनी परंपरागत सीट को बचाकर रखने के लिए चुनाव लड़ेगी।
क्या था विवाद
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने रुड़की नगर निगम क्षेत्र में पाटली गुज्जर और रामपुर को शामिल किया था। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद इन दोनों गांवों को सीमा से बाहर किया। यह मामला हाईकोर्ट पहुंचा। निगम एक्ट में नए क्षेत्र शामिल करने की अनुमति तो है लेकिन क्षेत्रों को हटाने की नहीं। हाईकोर्ट में हारने के बाद सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची और नगर निगम एक्ट में संशोधन किया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अब चुनाव कार्यक्रम जारी हुआ। नए परिसीमन में ये दोनों गांव निगम क्षेत्र में शामिल नहीं हैं।
40 दावेदारों ने किया एनओसी के लिए आवेदन
अधिसूचना जारी होने के बाद नगर निगम की सियासत चुनावी पटरी पर चढ़ गई है। मंगलवार को 40 संभावित दावेदारों ने नगर निगम में एनओसी के लिए आवेदन किया है ताकि चुनावी मैदान में उतरने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा सके। चार से पांच दिन में प्रमाणपत्रों की जांच कर एनओसी जारी की जाएगी।
पिछले कुछ दिनों से शहर में चर्चा थी कि जल्द ही नगर निगम चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी होने वाली है। वहीं सोमवार की शाम को चुनाव आयोग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके बाद चुनावी समर में उतरने वाले संभावित दावेदारों ने कमर कस ली है। मंगलवार की सुबह से ही नगर निगम कार्यालय में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल रही। लोग चुनाव को लेकर चर्चा करने में जुटे थे।
मंगलवार को 40 लोगों ने नगर निगम से एनओसी के लिए आवेदन किया ताकि आवेदन करने के लिए प्रक्रिया को समय रहते पूरा किया जा सके। वहीं देर शाम तक लोगों का जमावड़ा नगर निगम कार्यालय में लगा रहा। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रमाणपत्रों की जांच होने में करीब चार से पांच दिन का समय लगेगा। इसके बाद एनओसी जारी की जाएगी। कार्यालय अधीक्षक मोहम्मद कय्यूम ने बताया कि 40 लोगों ने एनओसी के लिए आवेदन किया है।