रुड़की : मिठाई की दुकान में फटा गैस सिलिंडर, हादसे में 11 लोग हुए घायल, तीन गंभीर एम्स रेफर
मंगलौर के मेन बाजार में मिठाई की दुकान पर गैस सिलिंडर फटने से दुकान मलबे में तब्दील हो गई। हादसे में दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा ग्राहक समेत 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन में सभी को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया।
यहां तीन लोगों की हालत नाजुक देख हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन घंटे अभियान चलाकर मलबा हटाया। सूचना मिलने पर एसएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मंगलौर के मेन बाजार स्थित मोहल्ला लालबड़ा में श्री बालाजी स्वीट्स के नाम से बॉबी पुत्र भूषण की मिठाई की दुकान है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे हलवाई गैल चूल्हे पर कुछ बना रहे थे। इसी बीच एक गैस सिलिंडर अचानक फट गया और तेज धमाके के साथ दुकान मलबे में तब्दील हो गई।
धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों के कांच के शीशे चटक गए और दुकान का मलबा करीब 50 मीटर दूर जाकर गिरा। हादसे में दुकान स्वामी, दो कर्मचारी, देहरादून के एसपी क्राइम के हमराह और ग्राहक समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से तीन को गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।
इस दौरान अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ जुट गई। भीड़ को देखते हुए गंगनहर, सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस तैनात की गई। वहीं, एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घायलों के नाम:
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे अभियान चलाकर दुकान का मलबा हटाया। देर रात तक पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर डटे रहे। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस का कहना है कि फिलहाल घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
घायल:
1. फरीद (16) पुत्र एजाज निवासी मोहल्ला मदनपुरा मंगलौर
2. सचिन पाल (25) पुत्र मदन पाल निवासी मुंडेट, मंगलौर
3. अमरीश पुत्र आत्माराम निवासी थिथकी कवायदपुर, मंगलौर
4. दीपचंद (23) पुत्र नानू निवासी बाराबंकी, हाल निवासी मंगलौर
5. नौशाद पुत्र अशरफ निवासी नगला कुबड़ा, मंगलौर
6. शहाज पत्नी नौशाद निवासी नगला कूबड़ा, मंगलौर
7. मिंटू कश्यप पुत्र धर्मपाल निवासी थिथकी कवायदपुर, मंगलौर
8. पंकज कश्यप पुत्र ओमपाल निवासी थिथकी कवायदपुर
9. अशरफ (32) पुत्र लियाकत निवासी अकबरपुर, मंगलौर
10. शाकिब पुत्र सलीम निवासी बागोंवाली, ज्वालापुर हरिद्वार
11. अक्षय (30) पुत्र मुकेश निवासी मुंडेट, मंगलौर
सहमकर सड़क पर गिरे बाइक सवार
सिलिंडर फटने पर कितना तेज धमाका हुआ, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 50 मीटर दूर सड़क पर जा रहे बाइक सवार दो युवक दहशत के चलते नीचे गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक इतने सहम गए थे कि बाइक मौके पर छोड़कर भाग खड़े हुए। युवकों को भागता देख आसपास के लोग भी भागने लगे।
धमाके बाद दुकान की हालत देख चीख पुकार के बाद भी लोग मौके पर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। करीब 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो लोग भी दुकान की ओर गए। वहीं, पुलिस के पहुंचने पर दोनों युवकों ने अपनी बाइक ली और चले गए। बताया जा रहा है कि दोनों दुकान पर सामान खरीदने आ रहे थे।
निजी वाहनों से पहुंचाया अस्पताल
पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया। इस बीच मलबे से लगातार निकल रहे घायलों को पहुंचाने के लिए पुलिस ने निजी टेंपो और मैक्स का भी सहारा लिया। लगातार आ रहे घायलों को देखने के लिए सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने पूरे स्टाफ को इमरजेंसी में ड्यूटी पर लगाया। इसके बाद डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।
अस्पताल में मची चीखपुकार
घायलों के पहुंचने पर रुड़की सिविल अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारी की भीड़ लग गई। अपनों का हाल देख परिजनों में चीखपुकार मच गई। कुछ महिलाएं तो बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। घायलों को देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला। देर शाम तक सिविल अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटती रही।
घायलों के मसीहा बने एसआई नवीन पुरोहित
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाने के लिए गंगनहर कोतवाली के एसआई नवीन पुरोहित को भेजा। नवीन पुरोहित ने घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल स्टाफ की मदद से नीचे उतारकर भर्ती कराया। घायलों के आने और रेफर होने तक वह डटे रहे। साथ ही उन्हें ढांढस बंधाते रहे