रुड़कीः फोन नहीं उठाने पर विधायक और तहसीलदार आमने सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉल रिसीव नहीं करने को लेकर विधायक और तहसीलदार आमने सामने आ गई हैं। गुस्से में विधायक कुछ ग्रामीणों के साथ तहसीलदार कार्यालय पहुंचीं और फोन नहीं उठाने की बात कहते हुए भड़क गईं। विधायक और तहसीलदार में तीखी नोकझोंक होने से तहसील में माहौल गरमा गया। विधायक ने तहसीलदार पर कॉल रिसीव नहीं और लोगों के काम न करने का आरोप लगाया तो तहसीलदार ने भी विधायक पर आरोप लगाया कि वह फोन कर अनावश्यक काम करने का दबाव बनाती हैं।
भगवानपुर से कांग्रेस विधायक ममता राकेश का शनिवार को उस समय पारा हाई हो गया, जब तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने उनका फोन रिसीव नहीं किया। वह बार-बार तहसीलदार को फोन करती रहीं, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। फोन रिसीव नहीं करना विधायक को इतना नागवार गुजरा कि वह कुछ ग्रामीणों के साथ तहसील स्थित तहसीलदार कार्यालय ही पहुंच गईं और तहसीलदार से कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही कहा कि जब वह विधायक का फोन रिसीव नहीं कर रही हैं तो आम जनता को क्या हाल होगा?
दोनों के बीच नोकझोंक तहसील में चर्चा का विषय
उन्होंने आरोप लगाया कि लोग तहसील में काम करवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन काम नहीं हो रहे हैं। लोग तहसील आते हैं और काम न होने पर बैरंग लौट जाते हैं। विधायक को भड़कता देख तहसीलदार सुशीला कोठियाल को भी गुस्सा आ गया और दोनों में कार्यालय में ही तीखी नोकझोंक हो गई। विधायक और तहसीलदार में नोकझोंक देख कार्यालय के बाहर भीड़ जमा हो गई। किसी तरह अन्य लोगों ने दोनों को शांत करवाया। इसके बाद विधायक लौट गईं। दोनों के बीच नोकझोंक तहसील में चर्चा का विषय रहा।
कलाहटी के पास बन रहे बिजली के सब स्टेशन को लेकर भूमि प्रबंधन समिति की ओर से प्रस्ताव गया है या नहीं और जमीन की पैमाइश की जानकारी के लिए तहसीलदार को फोन किया था, लेकिन तहसीलदार ने एक बार भी फोन रिसीव नहीं किया। जब वह मेरा फोन नहीं उठातीं तो आम जनता का क्या होगा? तहसील पहुंचकर इस पर आपत्ति जताई तो वह बहाना बनाने लगीं। तहसीलदार का यह व्यवहार गलत है।
- ममता राकेश, कांग्रेस विधायक, भगवानपुर
विधायक हों या आम जनता हर किसी की कॉल रिसीव करती हूं। व्यस्तता के कारण कभी फोन रिसीव नहीं हो पाता है। रही बात विधायक के फोन रिसीव करने की तो वह हमेशा अनावश्यक काम करवाने के लिए फोन कर दबाव बनाती हैं, जो सही नहीं है। कई बार तो फोन पर ही अभद्रता कर देती हैं।
-सुशीला कोठियाल, तहसीलदार, भगवानपुर