रुड़कीः दूल्हे के मोबाइल ने जयमाला में डाल दिया विघ्न, कैसे? पढ़िए पूरी कहानी
- शक में पुलिस ने एक युवक हिरासत में लिया, खंगाली जा रही है फुटेज
विस्तार
दूल्हे के मोबाइल चोरी से जयमाला के कार्यक्रम में कुछ देर के लिए विघ्न पड़ गया। काफी देर तक रिश्तेदार दूल्हे का मोबाइल तलाशते रहे, लेकिन मोबाइल नहीं मिला। कुछ देर बाद जाकर जयमाला कार्यक्रम शुरू किया गया। वहीं, पुलिस ने शक के आधार पर डीजे चलाने वाले एक युवक को हिरासत में लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक बैंकट हाल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। जयमाला कार्यक्रम को लेकर दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर पहुंचे गए थे। इस बीच दूल्हे के एक रिश्तेदार ने उसके मोबाइल से फोटो लेने की बात कही। दूल्हे ने अपनी जेब में हाथ डाला तो मोबाइल गायब था। दूल्हे ने रिश्तेदार को मोबाइल चोरी होने की जानकारी दी।
डीजे बजा रहे युवक पर मोबाइल चोरी का शक
मोबाइल चोरी होने से जयमाला कार्यक्रम में थोड़ी देर के लिए विघ्न पड़ गया। काफी देर तक रिश्तेदार आसपास और कमरों में मोबाइल की तलाश करते रहे, लेकिन मोबाइल का कुछ पता नहीं चल पाया। बाद में जयमाला कार्यक्रम पूरा हुआ।
इस बीच दूल्हे ने डीजे बजा रहे एक युवक पर मोबाइल चोरी का शक जताया। साथ ही मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने पूछताछ के लिए डीजे चलाने वाले युवक को हिरासत में लिया है। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी से इंकार
वहीं लक्सर मेंं सगाई की रस्म पूरी होने के कुछ दिन बाद ही दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष से दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने से नाराज दूल्हे पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। साथ ही सगाई में दिया गया सामान भी नहीं लौटाया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर कंकरखाता गांव निवासी सोमपाल पुत्र राम सिंह ने पिछले वर्ष अपनी बेटी आरती का रिश्ता लक्सर कोतवाली के ही भोगपुर गांव निवासी नवीन पुत्र विजयपाल के साथ तय किया था। जून 2019 में सोमपाल ने बेटी की सगाई के दौरान होने वाले दामाद ओर उसके परिवार के लोगों को सोने के आभूषण व अन्य काफी सामान दिया था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की
आरोप है कि इसके बाद सोमपाल ने दूल्हे पक्ष से बरात लाने के लिए तारीख तय करने की बात कही तो दूल्हे पक्ष ने शादी में दहेज की मांग कर दी। सोमपाल ने मांग पूरी करने से मना किया तो दूल्हे पक्ष ने बरात लाने से मना कर दिया। इसके बाद सोमपाल ने सगाई में दिया सामान लौटाने की मांग की, लेकिन आरोप है कि उन्होंने आभूषण और अन्य सामान भी नहीं लौटाया।
सोमपाल ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की। बाद में उसने लक्सर एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने प्रार्थनापत्र पर सुनवाई करते हुए लक्सर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे।
कोतवाल विरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी नवीन, उसके पिता विजयपाल, मां रेशमा, भाई मुकुल और राकेश पुत्र नामालूम निवासी भोगपुर तथा शादी तय करने वाले टोडा खटका (मंगलौर) के आजाद व उसकी पत्नी ममता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।