ऋषिकेश: अमावस्या का प्रसाद चढ़ने गया युवक गंगा में बहा, नहीं लगा कोई सुराग
मौके पर पहुंचे एसडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन व्यक्ति का कहीं कुछ पता नहीं चल सका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऋषिकेश में अमावस्या के मौके पर बैराज में गंगा तट पर प्रसाद चढ़ा रहा एक युवक गंगा में बह गया। युवक के गंगा में डूबने पर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना थाना लक्ष्मण झूला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना लक्ष्मण झूला पुलिस ने रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ ढालवाला की टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन व्यक्ति का कहीं कुछ पता नहीं चल सका।
थाना लक्ष्मण झूला पुलिस ने बताया कि रविवार शाम करीब तीन बजे मनीष रस्तोगी (42) निवासी गली नंबर एक, अंबे डेरी गुमानीवाली ऋषिकेश, बैराज में गंगा तट पर अमावस्या का प्रसाद चढ़ाने गया था। जैसे ही वह गंगा किनारे बनी सीढ़ियों से नीचे उतरा, उसका अचानक पैर फिसल गया और वह नदी की तेज धाराओं में ओझल हो गया।
सूचना मिलने पर बैराज में चेनलगेट को बंद कर दिया गया है। एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है। रेस्क्यू दल में लाल सिंह, ओमप्रकाश, किशोर कुमार, सुमित तोमर, प्रकाश मेहता, अमित सैनी, दबास शामिल थे।
मुंबई के दो पर्यटकों का अभी तक नहीं मिला कोई सुुराग
तपोवन में गंगा में डूबे मुंबई के दो पर्यटकों का रविवार को भी कुछ पता नहीं चला है। एसडीआरएफ के जवान रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। बता दें, महाराष्ट्र के मुंबई से पांच दोस्त योगनगरी घूमने आए थे। बीते 4 अगस्त को तपोवन क्षेत्र में गंगा में नहाने के दौरान मेलरॉय डांटे (21) पुत्र रोबट डांटे, अपूर्वा केलकर (21) पुत्री हेमंत केलकर, निवासी बोरीवली ईस्ट उद्धवनगर मुंबई 66 और मधुश्री खुरसांगे (21) पुत्री प्रभाकर खुरसांगे, निवासी 703, बुरुनाली बोरीवली, ईस्ट उद्धवनगर मुंबई-66 गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए थे। बीते 6 अगस्त को एसडीआरएफ की टीम ने देररात गौहरीमाफी रायवाला में मधुश्री खुरसांगे का शव बरामद कर दिया था। अभी तक अपूर्वा और मेलरॉय डांटे की खोजबीन चल रही है।
संगम पर नहाते समय बहा साधु
टिहरी के बूढ़ाकेदार में बालगंगा और धर्मगंगा के संगम पर नहाते वक्त एक साधु बह गया। साधु बीते शनिवार को दिन में बूढ़ाकेदार शिवालय में आया था। उसकी उम्र 20-25 साल के लगभग बताई जा रही है। साधु की तलाश में एसडीआरएफ ने नदी में सर्च ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
राजस्व उप निरीक्षक गबर सिंह रावत ने बताया कि शिव मंदिर के पुजारी नवीन गिरी ने बताया कि एक अज्ञात साधु शनिवार दिन के समय मंदिर में पहुंचा। शाम चार बजे करीब वह नहाने के लिए संगम पर चला गया। इसी दौरान वह बह गया।
सामने रग्यसा गांव के लोगों ने उसे नदी में कुछ दूर तक बहते हुए देखा। लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। मंदिर में साधु का एक झोला मिला उसमें एक पर्ची में हुकम राम ग्राम थली पोओ सेंजी जिला चमोली लिखा हुआ है। साधु की तलाश में एसडीआरएफ ने रविवार को धर्मगंगा और बालगंगा में सर्च ऑपरेशन भी चलाया।