ऋषिकेश: पीएम मोदी के ब्रह्मलीन गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती के आश्रम में पहुंचे संबित पात्रा, की भोलेनाथ की आराधना
बीते शनिवार से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा तपोवन के एक होटल में रुके हुए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्रह्मलीन गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती के आश्रम में पहुंचे। आश्रम में उन्होंने स्वामी शुद्धानंद सरस्वती से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने आश्रम परिसर में विधिविधान के साथ भगवान शिव की आराधना की।
बीते शनिवार से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा तपोवन के एक होटल में रुके हुए थे। रविवार सुबह वे होटल से शीशमझाड़ी स्थित स्वामी दयानंद आश्रम पहुंचे। आश्रम में उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा नेता यहां करीब दो घंटे रुके।
इस दौरान उन्होंने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर आश्रम परिसर में बने शिवालय में पूजा अर्चना की। मंदिर के पुजारी दिलीप त्रिपाठी और पुजारी शंकर ने विधिविधान के साथ उनका अनुष्ठान संपन्न कराया।
भाजपा प्रवक्ता ने आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी शुद्धानंद सरस्वती से मुलाकात कर श्रावण मास के महत्व और अध्यात्म सहित अन्य विषय पर चर्चा की। उसके बाद दिल्ली की ओर रवाना हो गए। इस मौके पर आश्रम प्रबंधक गुणानंद रयाल, विरेंद्र कुमार पांडेय, भावेश, पन्नालाल आदि शामिल रहे।
चारधाम में पहुंचने वाले भाजपा प्रतिनिधियों का होगा घेराव
तीर्थपुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत समिति ने देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ चल रहे आंदोलन को आक्रामक करने का निर्णय लिया है। समिति पदाधिकारियों ने बदरीनाथ, केदारनाथ धाम के साथ ही यमुनोत्री, गंगोत्री, ऋषिकेश, देहरादून, अगस्त्यमुनि और गौरीकुंड के धामों पर धरना प्रदर्शन करने के साथ ही क्षेत्र में पहुंचने वाले भाजपा प्रतिनिधियों का घेराव करने की चेेतावनी दी है।
रविवार को त्रिवेणीघाट चौक के समीप एक आश्रम में तीर्थपुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत समिति के पदाधिकारियों ने बैठक आयोजित की। समिति अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि दो महीने पहले प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने देवस्थानम बोर्ड पर पुनर्विचार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई।
ऐसे में सरकार की मंशा पर शक हो रहा है। देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ चल रहे महापंचायत समिति के आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री धाम के साथ ही देहरादून, ऋषिकेश में भी आंदोलन की शुरूआत की जाएगी। इस मौके पर समिति सचिव हरीश डिमरी, दुर्गा प्रसाद भट्ट, नरेशानंद नौटियाल, सुरेश उनियाल, लक्ष्मीनारायण जुगलान, अखिलेश कोटियाल, राकेश कोटियाल, अरुण भट्ट, बृजनारायण ध्यानी आदि शामिल रहे।