रुड़की: रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर, त्योहारों के दौरान योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता के बीच चलने वाली इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे निर्धारित किए गए हैं।
विस्तार
त्योहारों के दौरान रेलवे योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता के बीच विशेष ट्रेन का संचालन करेगा। अमृतसर से कोलकाता और बरौनी के बीच भी दो विशेष ट्रेन चलेंगी। मुरादाबाद मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों को ठहराव दिया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 04311 - 12 कोलकाता - योगनगरी ऋषिकेश - कोलकाता स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 16 अक्तूबर से 22 नवंबर तक दोनों ओर से 6 - 6 फेरे किया जाएगा। योगनगरी ऋषिकेश से प्रत्येक शुक्रवार रात 10ः20 पर रवाना होकर ट्रेन हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, आलमनगर, उतरेटिया, रायबरेली, मां बेहला देवी प्रतापगढ़, वाराणसी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भाबुआ रोड, सासाराम, देहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, नेताजी सुभाषचंद्र बोस गोमोह, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बांडेल, नेहाटी होते हुए कोलकाता पहुंचेगी।
कोलकाता से प्रत्येक रविवार दोपहर 1ः55 पर रवाना होकर इन्हीं स्टेशनों से होकर ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। सीनियर डीसीएम ने बताया कि गाड़ी संख्या 04623 - 24 अमृतसर - कोलकाता - अमृतसर एक्सप्रेस का संचालन 7 अक्तूबर से 28 नवंबर तक दोनों ओर से 8 - 8 फेरे किया जाएगा।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी की सुरक्षा होगी और सुदृढ़, कुंभ और विस चुनाव को लेकर इंटेलीजेंस ने कसी कमर
ट्रेन प्रत्येक बुधवार को रात 8ः10 पर अमृतसर से रवाना होकर दूसरे दिन 3 बजे कोलकाता पहुंचेगी। कोलकाता से प्रत्येक शनिवार सुबह 4ः45 पर रवाना होकर ट्रेन अगले दिन रात 9ः05 पर अमृतसर पहुंचेगी। जबकि गाड़ी संख्या 04667 - 68 अमृतसर - बरौनी - अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस 4 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक दोनों ओर से 9 - 9 फेरे संचालित की जाएगी।
अमृतसर से प्रत्येक रविवार रात 8ः10 पर ट्रेन का संचालन होगा। दूसरे दिन रात 2ः10 पर ट्रेन बरौनी जंक्शन पहुंचेगी। बरौनी जंक्शन से प्रत्येक मंगलवार सुबह 5ः05 पर रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1ः50 पर ट्रेन अमृतसर पहुंचेगी। मुरादाबाद मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों को ठहराव दिया गया है।