केदारनाथ में पहली बार 26 जनवरी पर लहराएगा तिरंगा
स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब 26 जनवरी को केदारनाथ में भी राष्ट्रध्वज लहराएगा। प्रात: 8 बजे केदारपुरी में राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। इस मौके पर धाम में निम और पुलिस के लगभग 300 लोग मौजूद रहेंगे।
सोमवार को देश 66वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। समुद्रतल से 11,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित पुनर्निर्माण के दौर से गुजर रहे केदारनाथ में स्वतंत्रता के बाद पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा।
प्रात: 7 बजे एमआई-26 के हेलीपैड पर निम के लोग एकत्र होंगे। प्रात: 8 बजे कर्नल अजय कोठियाल धाम में राष्ट्रध्वज फहराएंगे। इसके बाद सेक्शन कमांडर और प्लाटून कमांडर राष्ट्रध्वज को सलामी देंगे।
इस दौरान मेरु-सुमेरु पर्वत श्रृंखलाओं की ओट में बसे धाम में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गूंजेंगे। मंदिर परिसर में निम और यहां तैनात पुलिस विशेष भजन-कीर्तन और आरती करेंगे।
केदारनाथ में अब तक 23 सरकारी भवन ध्वस्त
केदारनाथ पुनर्निर्माण के तहत निम अभी तक 23 सरकारी आपदा प्रभावित भवनों को ध्वस्त कर चुका है। इन भवनों के अंदर मिली सामग्री को सुरक्षित रखा गया है।
अब 24वें भवन के ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू किया गया है। धाम में एमआई-26 हेलीपैड से मंदाकिनी नदी तक जाने के लिए रास्ते का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। रविवार को केदारनाथ में सुबह से आसमान साफ रहा।
इस दौरान बर्फीली हवाएं भी शांत रही। धाम में अधिकतम तापमान 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। हेलीकॉप्टर से केदारनाथ के लिए 50 कुंतल राशन और 20 कुंतल सब्जी भी पहुंचाई गई।