'तीन महीने में निकल गई अच्छे दिनों की हवा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस नेत्री और सीएम हरीश रावत की पत्नी रेणुका रावत ने कहा है कि भाजपा के 'अच्छे दिन' वाले नारे की हवा निकल गई है। तीन महीने में ही लोग भाजपा से परेशान हो गए हैं। लगातार मंहगाई बढ़ती जा रही है।
कांग्रेस नेता निजामुददीन के इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक बैठक में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक मात्र ऐसी राजनैतिक पार्टी है जो कि जाति अथवा धर्म के आधार पर कार्य नहीं करती, कांग्रेस में सभी वर्गो को सम्मान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि ये नाजुक समय है। राज्य को मिलने वाले सहायता भी मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से 35 सौ करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की है, लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य को धनराशि उपलब्ध नहीं कराई है जिस कारण योजनाओं को लागू करने में देरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को सबसे अधिक चिंता गन्ना किसानों की है। केंद्र से धनराशि उपलब्ध होने के साथ सबसे पहले किसानों के बकाया का भुगतान कराया जाएगा।
कार्यकर्ताओं का रखा जाएगा मान
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। कार्यकर्ताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं उनकी पीड़ा सुने तथा उनके जरूरी कार्यों को हल कराएं ताकि कोई भी व्यक्ति यह महसूस न करे की उसको नजर अंदाज किया जा रहा है।
सम्मेलन को कार्यक्रम के आयोजक पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिस प्रकार मंगलौर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने पार्टी प्रत्याशी को अपना भरपूर समर्थन दिया। उसके लिये क्षेत्र की जनता बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि उनके दरवाजे क्षेत्र की जनता के लिये 24 घंटे खुले हुए हैं।
जनता की कोई भी समस्या हो उसके लिये वह हमेशा उपलब्ध हैं। रेणुका के अतिरिक्त सम्मेलन को मुख्यमंत्री हरीश रावत के भाई जगदीश रावत, बेटी अनुपमा रावत, पालिका अध्यक्ष चौधरी इस्लाम, ब्लॉक प्रमुख राजीव राठौर, राजेन्द्र चौधरी, नईम कुरैशी, खलील अंसारी, फरमान खान, रशिमी चौधरी, राव आफाक ने भी संबोधित किया।