देखिए, कैसे लगती है धर्म गुरुओं के पद की बोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यह नई सहस्त्राब्दी का भगवा धर्म है। अब त्याग, सेवा और तपस्या नहीं, अपितु तिजोरी का दम देखा जाता है। खजाना भारी है तो संत, महंत, महामंडलेश्वर और यहां तक कि आचार्य पद भी मिल जाते हैं। अब तो रामानंदाचार्य और शंकराचार्य जैसे जगद्गुरु पदों का भी सौदा होने लगा है।
मुंबई की राधे मां इसी हरिद्वार में रातों-रात जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर बनीं और विरोध के बाद हटा भी दी गईं। दक्षिण भारत के विवादित संत स्वामी नित्यानंद विगत प्रयाग कुंभ में महानिर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर पद पर आसीन हो गए। शनि संत के रूप में विख्यात दाती महाराज हरिद्वार कुंभ में महामंडलेश्वर बन गए। इनमें से किसी ने भी वर्षों अखाड़ों में रहकर सेवा या साधना नहीं की।
नारायण सेवा संस्थान उदयपुर के संचालक डॉ. कैलाश मानव अखाड़े में कोई सेवा किए बगैर बैरागियों की निर्मोही अणि के न केवल महामंडलेश्वर अपितु पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर बन गए। उन्हें हरिद्वार कुंभ में स्वयं श्रीमहंत ज्ञानदास की कृपा से यह पदवी मिली।
पार्वत्याचार्य पद भी रचा
पायलट बाबा प्रसिद्धि के बाद जूना अखाड़े से जुड़े और फिर महामंडलेश्वर बन गए। उन्होंने जापान और रूस में रहने वाले अपने कई शिष्यों को इसी अखाड़े का महामंडलेश्वर बनवाया। कई किलो सोना पहनने वाले दिल्ली के बिल्डर गोल्डन बाबा को हरिद्वार के एक आश्रम की महंताई मिल गई। हालैंड निवासी सोहम बाबा अपनी धनशक्ति के बल पर महामंडलेश्वर बने।
एक नया अखाड़ा बनाकर त्रिकाल भवंता इन दिनों परी अखाड़े को मान्यता दिलाने की फिराक में है। कई पीठों पर कई-कई शंकराचार्य और रामानंदाचार्य का आसीन होना आद्य जगद्गुरुओं की परंपरा को हास्यास्पद बना रहा है।
दिवंगत मां योग शक्ति ने महिला संतों के लिए शंकराचार्य पद के समकक्ष जगद्गुरु पार्वत्याचार्य पद रच डाला। मां ज्योतिषानंद पहली पार्वत्याचार्य बनीं। अलबत्ता पुरुष संतों को यह रास नहीं आया और दोनों को देश छोड़कर अमेरिका जाना पड़ा।
बदल जाते हैं उत्तराधिकारी
संतों के उत्तराधिकारी भी बदल जाते हैं। हाल में प्रख्यात संत स्वामी सत्यमित्रानंद ने अपना उत्तराधिकारी दूसरे प्रख्यात संत स्वामी अवधेशानंद गिरि को बनाया। इससे पहले वह विख्यात गोविंद गिरि को उत्तराधिकारी घोषित कर चुके थे। अब वे गोविंद गिरि को केवल आध्यात्मिक विरासत का उत्तराधिकारी बताते हैं। ऐसा ही दर्जनों मठों और आश्रमों में हो चुका है।