उत्तराखंड में ओलावृष्टि संग बारिश की बौछारें, मौसम हुआ सुहावना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जहां एक तरफ कई दिनों उत्तराखंड में आग और गर्मी का कहर लोगों को पेरशान कर रहा था, वहीं गुरुवार तड़के राजधानी देहरादून में हुई बारिश ने दूनवासियों को राहत महसूस कराई।
सुबह बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। ठंडी हवाओं से गर्मी और उमस गायब हो गई। कुमाऊं के भी कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के साथ झमाझम बारिश हुई। गुरुवार को चमोली जिले में मौसम ठंडा हो गया है, फिलहाल बारिश थमी हुइ है। लेकिन आसमान में बादल छाए हैं।
मौसम के मिजाज से उम्मीद है कि जिले में दोपहर बाद फिर जोरदार बारिश होगी। बुधवार को हुई बारिश से हेमकुंड यात्रा मार्ग पर अटलाकुडी में सेना के जवानों को काम रोकना पड़ा था जबकि बदरीनाथ हाईवे पर बेनाकुलि में डामरीकरण कार्य प्रभावित हुआ है। जिले में पिछले 2 दिन से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
रुद्रप्रयाग से लेकर केदारनाथ तक आसमान में बादल छाए हुए हैं। तीर्थनगरी ऋषिकेश में बुधवार देर रात मौसम का मिजाज बदल गया। गुरुवार तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई और आसमान में बादल छाए रहे। उधर, हरिद्वार में देर रात हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है, घने बादल छाए हुए।
बुधवार को प्रदेश में कई जगहों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। पहाड़ में कई जगहों पर बुधवार को भी बारिश हुई। राजधानी में भी दिनभर बादल छाने के साथ ही देर रात कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने अभी छह मई तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेशभर में मौसम पर पश्चिमी विक्षोभ का असर है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। सूबे में उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। कई जगहों पर धधकते जंगलों को भी इससे राहत मिली।
ओलावृष्टि, आंधी और बारिश के आसार
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश में ओलावृष्टि, आंधी और बारिश के आसार हैं। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। राजधानी में बादलों की वजह से दिन का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी में लगातार दूसरी रात बारिश
राजधानी में मंगलवार की देर रात बारिश के बाद बुधवार को भी शाम ढलते ही तेज हवाएं और घने बादल छा गए। देर रात कई इलाकों में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी राजधानी में आंशिक बादल छाने के साथ ही कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान जताया है।
चारधाम पर बारिश के लिए तैयार रहें
मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को बारिश के लिए तैयारी करके जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक केदारनाथ, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, गंगोत्री और यमुनोत्री में बादल छाये रहेंगे। इसके अलावा हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर बर्फ भी पड़ने के आसार हैं।