{"_id":"d98355a68a3759d85a552465fbcfccfa","slug":"rain-and-snowfall-in-uttarakhand","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रदेश भर में बरसे बादल, ऊंचाई पर बर्फबारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रदेश भर में बरसे बादल, ऊंचाई पर बर्फबारी
अमर उजाला, देहरादून
Updated Thu, 06 Feb 2014 08:44 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश भर में बृहस्पतिवार को धूप और बादलों की आंख-मिचौली चली। कहीं सुबह तो कहीं दोपहर के वक्त बारिश हुई। शुक्रवार को भी मौसम में तब्दीली की कोई उम्मीद नहीं है।
विज्ञापन
उत्तराखंड के उत्तरी जनपदों के अनेक स्थानों, खास तौर पर उत्तरकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ में शुक्रवार को हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
बारिश की संभावना
वहीं, दक्षिणी उत्तराखंड के कुछ इलाकों पिथौरागढ़, अल्मोड़ा आदि में हल्की बारिश से लेकर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दून में बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की से भारी वर्षा संभावित, बादल छाए रहने की संभावना है।
विज्ञापन
उधर, बृहस्पतिवार को राजधानी दून में सुबह धूप खिली, लेकिन यहां भी दोपहर होते-होते आसमान बादलों से ढक गया। दोपहर बाद तकरीबन साढ़े तीन बजे तेज हवाओं के बीच हल्की बारिश हुई।
विज्ञापन
पारे में गिरावट
कुछ समय बाद फिर धूप निकल आई, लेकिन ठंडी हवाओं की वजह से पारा गिर गया। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की कमी रिकार्ड हुई।
आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 84, जबकि न्यूनतम प्रतिशत 53 रहा। दून में शाम साढ़े पांच बजे तक 0.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई, जबकि टिहरी में 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बदरीनाथ में एक फुट बर्फ जमी
बृहस्पतिवार को दिनभर मौसम साफ रहने के बाद देर शाम मौसम ने फिर करवट बदली। ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के साथ ही निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। बदरीनाथ मंदिर तक करीब एक फुट बर्फ जम गई है। हेमकुंड साहिब और रुद्रनाथ में भी भारी मात्रा में बर्फबारी हुई है।
बर्फबारी से गुलजार हुई औली
जिले में बृहस्पतिवार को प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थली औली में बर्फ से खेलने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। दिनभर औली की ढलानों पर लोगों ने बर्फ का मजा लिया।
बुधवार को हुई बर्फबारी से औली में करीब आधा फुट बर्फ जम गई है। कई विदेशी पर्यटक भी औली पहुंच गए हैं।
बर्फबारी की खबर पर पहुंचे पर्यटक
देहरादून से अपने साथियों के साथ औली पहुंचे मदन सिंह का कहना है कि उन्होंने बर्फबारी की खबर पढ़ी तो अपने दोस्तों के साथ औली की सैर को आ गए।
दिल्ली से आए कुलवीर और राजेंद्र वर्मा का कहना है कि वे तीन फरवरी को औली घूमने के लिए आए थे। यहां बर्फ न होने से वापस जाने की तैयारी में थे, लेकिन पांच फरवरी को यहां हुई बर्फबारी से फिलहाल घर जाने का कार्यक्रम स्थगित कर अब अगले दो दिनों तक वह औली के सैर-सपाटे पर ही रहेंगे।
खेलों के लिए अच्छा
औली में 20 फरवरी के बाद राष्ट्रीय जूनियर स्कीइंग प्रतियोगिताओं का आयोजन होना है। ऐसे में यहां जमकर हुई बर्फबारी खेलों के लिए भी शुभ संकेत है।
औली दस नंबर टावर तक करीब डेढ़ फुट बर्फ पड़ी थी। बृहस्पतिवार को मौसम खुलने से यहां अधिकांश जगहों पर बर्फ पिघल गई है।