पहाड़ों पर फिर गिरेगी बर्फ, मैदानों में बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार को दिनभर गढ़वाल में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और सभी जगह बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी से तापमान में काफी गिरावट आ गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश-बर्फबारी का अनुमान जताया है। हरिद्वार में बारिश के साथ ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। मसूरी और देहरादून में शनिवार रात से बारिश का दौर शुरू हो गया था। रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे।
चमोली, रूद्रप्रयाग की ऊंची चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ। दो दिन की चटख धूप के बाद केदारनाथ में रविवार दोपहर बाद फिर बर्फबारी शुरू हो गई। टिहरी में जोरदार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के प्राथमिक विद्यालयों में सोमवार को अवकाश की घोषणा कर दी है। उत्तरकाशी में भी दोपहर बाद बर्फबारी हुई।
बारिश के चलते आठ डिग्री गिरा पारा
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश में एक बार फिर ठंडक बढ़ गई है। रविवार को दिन भर बादल का डेरा रहा और जगह-जगह बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में करीब आठ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
रविवार सुबह हल्की धूप खिलने के बाद अचानक बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। प्रदेश में कई हिस्सों में तेज बारिश भी रिकॉर्ड की गई। टिहरी में सर्वाधिक 7.8, मुकतेश्वर में 3.2 और देहरादून में 0.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
दून में शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री था, जो रविवार को 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
साथ ही कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। 2500 से 3500 मीटर ऊंचाई वाले स्थानों पर एक से दस सेमी बर्फ पड़ने की संभावना है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर पांच से 20 सेमी बर्फबारी हो सकती है। दून में सोमवार को भी गरज के साथ बारिश की संभावना है।