केदारनाथ में फिर शुरू हुआ बारिश-बर्फबारी का दौर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केदारनाथ में शनिवार शाम चार बजे से तेज बारिश और बर्फबारी हो रही है जिसके चलते धाम में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम के बिगड़े मिजाज से धाम में बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ी। पैदल रास्ते में भी जगह-जगह पर लोग रुक गए।
शाम चार बजे शुरू हुई बारिश
शनिवार से आसमान पूरी तरह से साफ था। भले ही इस दौरान धाम में बर्फीली हवाओं के कारण काफी ठंड थी। हालांकि प्रात: पौने आठ बजे धाम में धूप खिलने से मौसम सुहावना हो गया। दोपहर बाद तक मौसम इसी तरह का बना रहा।
बाद में धीरे-धीरे आसमान में बादल घिरने लगे और शाम चार बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। इसके बाद बर्फबारी होने लगी। बारिश से बर्फ गिरते ही पिघल गई।
आधे घंटे तक बारिश-बर्फबारी
करीब आधा घंटे तक तेज बारिश और बर्फबारी होती रही। शाम पांच बजे के बाद से केदारनाथ में बारिश की हल्की-हल्की फुहारें जारी हैं।
दोपहर बाद बाबा केदार के दर्शनों के लिए मंदिर में पहुंचे लोग बारिश में कुछ देर भीगते रहे। बर्फबारी शुरू होते ही उन्होंने निकटवर्ती भवनों में शरण ले ली।
दूसरी तरफ गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए पैदल रास्ते पर चल रहे श्रद्धालुओं ने भी जंगलचट्टी, भीमबली, रामबाड़ा और लिनचौली में बने रेन शेल्टर व हट्स में शरण ली। केदारनाथ में अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।