बाबा केदारनाथ के दर्शन कर राहुल ने क्या मांगा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार को पवित्र केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए पैदल यात्रा कर पहुंचे राहुल गांधी ने भगवान केदार से कुछ नहीं मांगा।
24 अप्रैल को मंदिर के गर्भ गृह में बाबा के दर्शन करने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मीडिया से मुखातिब हुए इस दौरान उन्होंने कहा कि 'मैंने भगवान केदार से कुछ नहीं मांगा। जब भी मैं मंदिर में जाता हूं तो भगवान से कुछ नहीं मांगता। लेकिन यहां केदारनाथ मंदिर के गर्भ गृह में जाकर मुझे शक्ति मिली।'
केदारनाथ पैदल आने का कारण पूछने पर राहुल ने बताया कि वह दुनिया में केदारनाथ यात्रा की सकारात्कता दिखाने के लिए यहां आए। उन्होंने के कहा कि आपदा के बाद केदारनाथ को लेकर भक्तों और केदारनाथ में पुनर्निर्माण करने वाले मजदूरों में फिर आपदा का डर समाया है, जिसे दूर करने के लिए वह दर्शन के लिए पैदल चलकर आए हैं। राहुल ने कहा कि उनके आने से केदार धाम में ज्यादा श्रद्घालु आएंगे और यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि इसके साथ ही वह आपदा में मरे लोगों को श्रद्घांजलि देने के लिए केदार घाटी में पहुंचे। आपदा के बाद घाटी में हुए कार्यों पर राहुल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की तारीफ की और कहा कि मीडिया ने बहुत गलत खबर दिखाई है। घाटी में काफी काम किया गया है। और अब यहां की परिस्थियां पहले से काफी बेहतर हैं।
राहुल ने उत्तराखंड सरकार द्वारा धाम में शुरू की गई हेलीपैड सेवा की खूब सराहना की और कहा कि इसे अन्य राज्यों में भी शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ का पैदल यात्रा बिल्कुल सुरक्षित है।
राहुल ने ली केदार पुनर्निर्माण की पूरी जानकारी
केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकलने से पहले गुरुवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केदारनाथ धाम की पूरी जानकारी ली। जौलीग्रांट पहुंचने पर राहुल गांधी की उपस्थिति में बाकायदा चार धाम यात्रा पर बैठक हुई। इस बैठक में राहुल गांधी को केदारनाथ आपदा और उसके बाद पुनर्निर्माण कार्य की जानकारी दी गई।
जौलीग्रांट में हुई इस बैठक में प्रदेश सरकार ने केदारनाथ धाम का ब्ल्यू प्रिंट भी राहुल गांधी के सामने रखा। मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ ही इस बैठक में प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी, जतिन प्रसाद, सह प्रभारी संजय कपूर, कैबिनेट मंत्री इंदिरा हृदयेश, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, दिनेश अग्रवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, विधायक हीरा सिंह बिष्ट आदि शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक उत्तराखंड सरकार के केदारनाथ पुनर्निर्माण प्रस्तुतिकरण से राहुल गांधी संतुष्ट भी नजर आए। इससे पूर्व राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के चित्र पर माल्यार्पण भी किया।