बोले राहुल 'नोटबंदी सबसे बड़ी डकैती... गरीबों से खींचो, अमीरों को सींचो'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को अल्मोड़ा में हुई चुनावी सभा में नोटबंदी को आर्थिक डकैती करार दिया। मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी की सच्चाई यह है कि 99 प्रतिशत गरीबों का पैसा खींचो, अमीरों को सींचो।
उन्होंने कहा कि एनडीए की नीतियों ने हिंदुस्तान को दो भागों में बांट दिया है, एक प्रतिशत सुपर रिच और 99 प्रतिशत अन्य लोग। एनडीए सरकार में एक प्रतिशत सुपर रिच के पास देश का साठ प्रतिशत धन है।
सिमिकनी के मैदान में हुई जनाशीष रैली में बशीरबद्र के शेर ‘लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में, तुम तरस नहीं खाते, बस्तियां जलाने में’ से शुरुआत करते हुए राहुल ने कहा कि ढाई साल में नरेंद्र मोदी ने सिर्फ एक काम '50 परिवारों का 1.46 लाख करोड़ रुपये माफ' किया है।
'नोटबंदी गरीब लोगों और महिलाओं पर फायर बॉम्बिंग'
अपने 35 मिनट के भाषण में कालेधन का मुद्दा उठाते हुए राहुल ने कहा कि सारा कैश कालाधन नहीं है। छह प्रतिशत कालाधन ही कैश में है। देश में 99 प्रतिशत लोगों के पास कालाधन नहीं है। एक प्रतिशत सुपर रिच के पास कालाधन है।
राहुल ने कहा कि 2014 में मोदी ने कालाधन वापस लाकर हर अकाउंट में 15 लाख रुपए डालने का वादा किया था। लोगों ने जब पूछना शुरू किया कि 15 लाख रुपए कहां गए तो नोटबंदी का नया ड्रामा खड़ा कर दिया। पहले कहा कि नोटबंदी भ्रष्टाचार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक है।
यह सर्जिकल स्ट्राइक नहीं, उत्तराखंड के लोगों, गरीब लोगों और महिलाओं पर फायर बॉम्बिंग है। इसने उत्तराखंड की मनीआर्डर इकोनॉमी, पर्यटन सबको तबाह कर दिया। एनडीए ने पहले दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। पिछले साठ सालों में इतनी बेरोजगारी कभी नहीं आई, जितनी कि नोटबंदी के दौरान आई।
50 परिवारों ने पीएम को कुर्सी पर बिठाया: राहुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि सुपर रिच 50 परिवारों ने इन्हें कुर्सी पर बैठाया है। नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि बाकी लोगों का बैंकों में जमा पैसा फंस जाए और 50 परिवारों का आठ लाख करोड़ रुपए माफ हो जाए। राहुल के मुताबिक मोदी कह रहे हैं कि नोटबंदी का पता किसी को नहीं था।
मोदी बताएं कि बंगाल बीजेपी यूनिट, उड़ीसा और बिहार बीजेपी यूनिट के पास जमीन कहां से आई। जनार्दन रेड्डी ने नोटबंदी के बाद 500 करोड़ में शादी कैसे कराई ?
कैशलेश में 5 प्रतिशत कमीशन 5 परिवारों की जेब में
राहुल ने एनडीए के कैशलैस इंडिया के नारे को भी निशाने पर लिया और कहा कि कैशलैस दुनिया में पांच प्रतिशत कमीशन 50 परिवारों की जेब में जाएगा। राहुल ने कहा कि मै सवाल पूछता हूं तो मेरा मजाक उड़ाते हैं। ये सवाल मेरे नहीं है। ये जनता, युवाओं के सवाल हैं। मेरा मजाक उड़ाइए, पर इनका जवाब दीजिए।
राहुल गांधी ठीक अपराह्न 2.20 पर सिमकनी मैदान में हो रही चुनावी सभा में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी, मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के साथ पहुंच गए थे। ठीक 3.56 पर भाषण खत्म कर राहुल पंतनगर के लिए हेलीकाप्टर से रवाना हुए।
'माल्या को 1200 करोड़ की टॉफी दे दी'
-उत्तराखंड को उसका हक नहीं दिया। विजय माल्या को 1200 करोड़ की टॉफी दे दी।
-गरीबों से पैसा खींचो, अमीरों को सींचों। ये है नोटबंदी की सच्चाई। इस लक्ष्य के लिए ही आपका पैसा बैंकों में दबाया जा रहा है।
-इनका ताश का महल अब गिरने लगा है। पहले कहा-नोटबंदी आतंकवाद के खिलाफ है। फिर कहा यह नकली नोटों के खिलाफ है। सौ में से सिर्फ दो पैसे नकली हैं। फिर कहा यह कैशलेस इकानॉमी के लिए है। कैशलेस दुनिया में हर मनी ट्रांसफर पर पांच प्रतिशत कमीशन 50 परिवारों की जेब में जाएगा।
-नोटबंदी के नाम पर मोदी जी आपने पूरे देश को लाइन में लगा दिया। आपने कहा लाइन में चोर खड़े हैं। ईमानदार लोगों की अंगुलियों पर स्याही लगवाई।
-ऑल ब्लैक इज नॉट कैश, ऑल कैश इज नॉट ब्लैक। सारा कालाधन कैश नहीं है। 94 प्रतिशत कालाधन स्विस बैंक, रियल इस्टेट, जमीन और सोने में लगा हुआ है।