कुत्ते को कहा कुत्ता तो पुरोहित-यात्री में छिड़ी 'जंग'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से एक परिवार कुत्ता मर जाने के चार दिन बाद कर्मकांड कराने हरकी पैड़ी पहुंचा तो पुरोहित ने कुत्ते की फोटो पर तिलक लगाने से साफ मना कर दिया। इससे परिवार के लोग भड़क गए। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष नगर कोतवाली पहुंचे जहां पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत किया।
बुधवार सुबह दस बजे हरकी पैड़ी पर दिल्ली का एक परिवार पहुंचा। उन्होंने एक पुरोहित से अपने बच्चे की चार दिन पहले मौत होने की बात कहते हुए कर्मकांड करने को कहा।
कुत्ते को तिलक लगाने से किया मना
पूजा शुरू होने पर परिवार के मुखिया ने बैग से कुत्ते की फोटो निकाली और उस पर तिलक लगाने को कहा। लेकिन पुरोहित ने इसे कुत्ता कहते हुए इनकार कर दिया।
कुत्ता बोलने पर पूरा परिवार भड़क गया और गीता का सार सुनाते हुए सभी प्राणियों को एक समान बताया।
मौके पर पहुंची पुलिस, ले गई कोतवाली
गुस्साए परिवार ने पुरोहित से माफी मांगने को कहा। बहस होती देख अन्य पुरोहित भी पहुंच गए। इससे दोनों पक्षों में नोकझोंक शुरू हो गई।
मौके पर पहुंची हरकी पैड़ी चौकी पुलिस ने मामला शांत कराने का प्रयास किया लेकिन मामला भावनाओं से जुड़ा होने पर सभी को नगर कोतवाली भेज दिया। कोतवाली एसएसआई विद्या भूषण नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया है।
चार दिन से नहीं खाया खाना
दिल्ली से आए लोगों ने बताया कि उनके बच्चे की मौत चार दिन पहले हुई थी। पूरा परिवार उससे बहुत प्यार करता था। चार दिन से परिवार के किसी भी सदस्य ने पेटभर भोजन नहीं किया है। वह उसकी आत्मा की शांति के लिए कर्मकांड करवाने हरिद्वार आए थे। जहां पुरोहित ने कर्मकांड कराने से इनकार कर दिया है।