रौब झाड़ने वाले पुलिस कर्मी को ग्रामीणों ने पीट डाला
नानकमत्ता में वाहन गणना के दौरान ग्रामीणों पर रौब झाड़ना दो पुलिस कर्मियों पर भारी पड़ गया। पुलिसकर्मियों की कथित अभद्रता पर ग्रामीण भड़क उठे।
उन्होंने दोनों को खूब दौड़ाया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने फायर झोंका तो ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। उन्होंने इस पुलिस कर्मी की राइफल छीनकर जमकर पिटाई की, उसकी वर्दी फाड़ दी और बंधक बना लिया।
आपको बता दें की पुलिस अधिकारियों द्वार बंधक बनाए गए सिपाही को छुड़ा लिया गया है। सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत काफी गंभीर बनी है।
इस घटना के बाद पुलिस द्वारा पूरे गांव के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया है। वहीं इसके विरोध में सभी गांव वाले रुद्रपुर में प्रदर्शन कर रहे हैं।
दूसरे सिपाही ने भागकर अपनी जान बचाई। देर रात सीओ और थानाध्यक्ष सिपाही को मुक्त कराने घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
वाहनों के कागजात दिखाने को लेकर हुई कहासुनी
वाकया शनिवार शाम छह बजे का है। नानकमत्ता थाने में तैनात कांस्टेबल दिनेश जोशी अपने सहकर्मी नवनीत कुमार के साथ नानकसागर पार चेतुआखेड़ा की थारू पट्टी में वाहनों की गणना के लिए गए थे।
इस दौरान वाहनों के कागजात दिखाने को लेकर उनकी एक ग्रामीण से कहासुनी हो गई। सिपाहियों ने कथित तौर पर उससे गाली-गलौच की और धमकाया।
हंगामा होता देख गांव की महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि सिपाहियों ने महिलाओं से भी अभद्रता की, जिससे ग्रामीण और भड़क गए। उन्होंने दोनों सिपाहियों को दौड़ा दिया।
रायफल छीनकर की कांस्टेबल की पिटाई
जब कांस्टेबल दिनेश ने अपनी रायफल से फायर किया तो ग्रामीणों ने रायफल छीनकर उसकी जमकर पिटाई की, वर्दी फाड़ दी और उसे बंधक बना लिया।
इस बीच मौका पाकर नवनीत वहां से भाग निकला और उसने थानाध्यक्ष ओमवीर रावत को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष रावत की सूचना पर सीओ रामेश्वर डिमरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
देर रात सीओ व एसओ से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया पर संपर्क नहीं हो सका।