जहरीली शराब कांड का 'मास्टरमाइंड' गिरफ्तार, बताई 'मौत' के सामान की चौंकाने वाली कहानी...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जहरीली शराब के लिए तरल पदार्थ (केमिकल) बेचने के मुख्य आरोपी अर्जुन को सहारनपुर और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि छह ड्रम केमिकल उसने रुड़की स्थित एसी सेलूलॉज कंपनी से खरीदे थे।
तीन ड्रम केमिकल लाडी और दो ड्रम टिंकू को बेच दिए जबकि एक ड्रम केमिकल शराब बनाने के लिए खुद रख लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने केमिकल से भरे तीन ड्रम बरामद किए हैं जबकि तीन ड्रम की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जांच के लिए केमिकल का सैंपल लैब भेज दिया है। उधर, सहारनपुर पुलिस ने भी कच्ची शराब के काम में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को सिविल लाइंस कोतवाली में हरिद्वार के एसएसपी जनमेजय प्रभाकर खंडूड़ी और सहारनपुर के एसएसपी दिनेश कुमार पी ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। दोनों ने बताया कि सोमवार को गिरफ्तार किए गए हरदेव सिंह और उसके बाप सुखविंदर निवासी ग्राम पुंडेन, सहारनपुर ने पूछताछ में केमिकल का ड्रम अर्जुन कुमार पुत्र नारायण निवासी डाडली, थाना भगवानपुर, हरिद्वार से खरीदने की बात बताई थी।
ड्रम में जाती थी शराब
सोमवार रात ही सहारनपुर और हरिद्वार पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी अर्जुन को भगवानपुर के तेज्जुपुर के पास निर्माणाधीन फोरलेन हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि वह केमिकल के ड्रम बेचने का काम बीते दो साल से कर रहा है।
उसके साथ इस काम में सुभाष मास्टर, सुशील चौधरी, ईलम और फिरोज के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तस्दीक की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि एक महीने पहले उसने रुड़की स्थित सेलूलॉज कंपनी से केमिकल खरीदने का प्रयास किया था, लेकिन कंपनी ने जीएसटी पंजीकरण होने पर ही केमिकल देने की बात कही।
इस पर अर्जुन ने मनोज सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी गांधीनगर, रुड़की से संपर्क किया और उससे अपने जीएसटी नंबर पर छह ड्रम केमिकल दिलाने की बात कही। मनोज ने उसे अपने जीएसटी नंबर पर छह ड्रम केमिकल दिला दिए।
रुड़की और सहारनपुर से बरामद किए एक-एक ड्रम केमिकल
एसएसपी ने बताया कि अर्जुन ने तीन ड्रम केमिकल लाडी पुत्र जिंदा निवासी पुंडेन, सहारनपुर और दो ड्रम केमिकल टिंकू उर्फ पहल सिंह निवासी नागल, सहारनपुर को बेच दिए।
जबकि, एक ड्रम केमिकल अपने पास सिरचंदी, थाना भगवानपुर में दुकान किराये पर लेकर रखा था। लाडी और हरदेव ने ड्रम से 50 लीटर निकालकर 50 लीटर पानी मिलाकर कच्ची शराब तैयार की थी, जिसका रंग दूधिया हो गया था।
इसके बाद लाडी ने बाल्लुपुर निवासी सोने को 35 बोतल और बाकी शराब गागलहेड़ी व नागल क्षेत्र में बेच दी। एसएसपी ने बताया कि अर्जुन की निशानदेही पर एक ड्रम केमिकल सिरचंदी, भगवानपुर और दो ड्रम केमिकल पुंडेन, सहारनपुर निवासी सचिन गुप्ता के गोदाम से बरामद किए हैं जबकि तीन ड्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
सहारनपुर के एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि इसी काम में लिप्त इंद्र पुत्र सूरजभान निवासी ग्राम तेजपुर गढ़ी, जिला सहारनपुर को भी गिरफ्तार किया है। दोनों एसएसपी ने बताया कि यह कौन सा केमिकल है, इसका पता जांच बाद ही चलेगा। केमिकल को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारी की जाएगी।