पिथौरागढ़ः एसआई ने महिला को कोतवाली में बंद करके बेल्ट से पीटा, शरीर पर गहरे जख्म
- मुनस्यारी में थानाध्यक्ष की दबंगई के बाद अब महिला सब इंस्पेक्टर पर आरोप
- मकान मालिक, एक महिला सहित तीन लोगों से चल रहा है महिला का विवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुनस्यारी में थानाध्यक्ष की दबंगई के चलते फजीहत झेल रही मित्र पुलिस के एक और पुलिस कर्मी पर मारपीट का आरोप लगा है। इस बार मामला पिथौरागढ़ कोतवाली का हैं, जहां तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर पर एक महिला ने कोतवाली में बंद करके बेल्ट से पीटने का आरोप लगाया है।
पिटाई से महिला के शरीर पर गहरे जख्म बने हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की बात कही है। शनिवार को पिथौरागढ़ शहर में किराए के मकान में रहने वाली कमला ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायत पत्र में कहा कि उसका अपने मकान मालिक और एक महिला सहित कुछ लोगों से विवाद चल रहा है।
महिला के शरीर पर पड़े हैं नीले निशान
इस मामले में उसके खिलाफ थाना कोतवाली में शिकायत की गई है। दो दिन पहले दो पुरुष और एक महिला कांस्टेबल उसे बुलाकर कोतवाली ले गए। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद करके बेरहमी से पीटा गया। मिन्नत करने के बावजूद पुलिस कर्मी नहीं पसीजे और बेल्ट की मार से उसके शरीर पर नीले निशान पड़े हैं।
पीड़ित महिला ने पुलिस कर्मियों पर पीटने के बाद जबरन गलत बयान लिखवाने का आरोप लगाते हुए खुद की जान को खतरा बताते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला ने एसपी को मेडिकल रिपोर्ट भी सौंपी। एसपी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई
इधर पीड़ित महिला ने सामाजिक कार्यकर्ता नम्रता बोहरा के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम आरडी पॉलीवाल को भी शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। एडीएम ने पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
पीड़ित महिला की शिकायत पर संबंधित महिला एसआई से भी पूछताछ की गई। मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी आरएस रौतेला को सौंपी गई है। यदि महिला एसआई दोषी पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- रामचंद्र राजगुरु, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़