कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर साहिया के पास तीन दिन बाद भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। इससे नाराज लोगों ने मंगलवार को लोनिवि के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने शीघ्र सड़क पर वाहनों की आवाजाही बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार सड़क पर बेहद धीमी गति से निर्माण कार्य कर रहा है। जिस कारण पुश्ता निर्माण में देरी हो रही है। कहा कि सड़क से 40 से अधिक गांव की आबादी जुड़ी हुई है। इसके साथ ही क्षेत्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर अरबी, धनिया, मिर्च, टमाटर समेत कई फसलों की खेती की जाती है, लेकिन सड़क बंद होने से काश्तकार सही समय पर अपनी फसलों को मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। विकासनगर पहुंचने के लिए लोगों को वाया क्वांसी और नागथात 45-50 किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। जिसमें लोगों के समय और पैसे दोनों बर्बाद हो रहे हैं। सड़क न खुलने से साहिया बाजार दो भागों में बंट गया है। जिस कारण लोगों के व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं उपजिलाधिकारी कालसी अपूर्वा सिंह का कहना है कि लोनिवि ने सड़क खोलने के लिए पांच दिन का समय मांगा है। जल्द ही यदि सड़क नहीं खुलती तो लोगों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में निवर्तमान प्रधान बमराड़ रणवीर सिंह चौहान, मोहन शर्मा, कुंदन सिंह चौहान, अमर सिंह तोमर, मातवर सिंह, बारू चौहान, संतन सिंह, टीकम सिंह, राजेंद्र सिंह, अजब सिंह, प्रेम सिंह आदि शामिल रहे।