{"_id":"605b74408ebc3e590d66c257","slug":"pauri-news-family-members-of-sexual-assault-accused-beaten-victim","type":"story","status":"publish","title_hn":"पौड़ी: दुष्कर्म के आरोपियों के परिजनों ने पीड़िता को पीटा, राजस्व पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
पौड़ी: दुष्कर्म के आरोपियों के परिजनों ने पीड़िता को पीटा, राजस्व पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
Wed, 24 Mar 2021 10:50 PM IST
अलका त्यागी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पौड़ी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पौड़ी
Published by: अलका त्यागी
Updated Wed, 24 Mar 2021 10:50 PM IST
सार
- तहसील पौड़ी के एक गांव में 20 मार्च को हुई थी दुष्कर्म की घटना
- राजस्व पुलिस का कहना, एससीएसटी एक्ट के तहत दर्ज किया है मुकदमा
- आरोपी फरार, रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया मामला
विज्ञापन
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
उत्तराखंड के पौड़ी में एक गांव में दुष्कर्म के आरोपियों के परिजनों ने पीड़िता को पीट दिया। घटना तब सामने आई जब पीड़िता किसी तरह खुद को बचाकर जिला अस्पताल पौड़ी पहुंची। यहां पीड़िता ने मीडिया को अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि विगत 20 मार्च को गांव के ही दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिनमें एक आरोपी सेना में तैनात है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत राजस्व पुलिस में दर्ज कराई थी, लेकिन राजस्व पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
विज्ञापन
दुष्कर्म पीड़िता ने बताया कि 20 मार्च को वह गांव से बाजार जा रही थी। इस दौरान गांव के ही दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही घटना की जानकारी किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
विज्ञापन
इस पर पीड़िता के परिजनों ने राजस्व पुलिस में 21 मार्च को दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि बुधवार को आरोपियों के परिजनों ने मुझे अपने घर बुलाया और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए मेरे साथ मारपीट की। मारपीट में मेरे हाथ और पैरों पर चोटें आई हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने चार दिन बाद भी राजस्व पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया।
विज्ञापन
दूसरी ओर राजस्व उपनिरीक्षक गजेंद्र रतूड़ी ने बताया कि मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट, दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से ही फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी गई है। वहीं एसडीएम सदर एसएस राणा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है। हालांकि सीओ सदर पीएल टम्टा ने बताया कि मामले से जुड़ी आधिकारिक सूचना अभी नहीं मिल पाई है।
जनप्रतिनिधि भी खामोश
तहसील पौड़ी के एक गांव में दुष्कर्म जैसी घटना को लेकर जनप्रतिनिधियों की खामोशी भी सवालों के घेरे में हैं। क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म की घटना, उसके बाद आरोपियों के परिजनों की ओर से पीड़िता को पीटने जैसा गंभीर प्रकरण सामने है, लेकिन क्षेत्र के किसी भी जनप्रतिनिधि ने पीड़िता के पक्ष में आवाज नहीं उठाई है। जबकि पीड़िता के गांव से ही क्षेत्र के ब्लाक प्रमुख, पूर्व ब्लाक प्रमुख, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री भी हैं।