पिथौरागढ़ः दुकान में मिले पाक के झंडे वाले रुमाल, हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक दुकान से पाकिस्तान के झंडे वाले रुमाल मिलने से हड़कंप मच गया।
यहां गंगोलीहाट के दूरस्थ सिनलेख गांव में एक व्यापारी की दुकान में आए रुमाल के बंडल में पाकिस्तान के झंडे वाले रुमाल निकलने से खलबली मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी। एसडीएम ने जांच के लिए नायब तहसीलदार को सिनलेख गांव के लिए रवाना कर दिया है।
इस प्रकरण को अराजक तत्वों के षड्यंत्र के रूप में भी देखा जा रहा है। रविवार को तहसील मुख्यालय से 40 किमी दूर सिनलेख गांव की एक दुकान में पूर्व प्रधान ठाकुर सिंह रुमाल खरीदने गए थे। उस वक्त यह मामला सामने आया।
मामले की हो रही पड़ताल
दुकानदार ने पूर्व प्रधान ठाकुर सिंह को रुमाल छांटने के लिए बंडल पकड़ा दिया। बंडल में पाकिस्तान के झंडे वाले दो रुमाल निकलने पर वह सकते में आ गए। उन्होंने बंडल के दोनों रुमाल अपने कब्जे में ले लिए।
गुस्साए ग्रामीणों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक रुमाल को जला दिया, जबकि पूर्व प्रधान ने एक रुमाल अपने कब्जे में ले लिया। पूर्व प्रधान ने तत्काल इसकी सूचना गंगोलीहाट के एसडीएम प्रमोद कुमार को दी।
12 रुमाल का यह बंडल सिनलेख के दुकानदार ने गंगोलीहाट के थोक व्यापारी से खरीदा था। एसडीएम ने नायब तहसीलदार डिगर सिंह महरा को सिनलेख के लिए रवाना कर दिया है। एसडीएम का कहना है कि गंगोलीहाट का व्यापारी कहां से रुमाल मंगाता था, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।