ढाई घंटे तक पैसिफिक मॉल में फंसे रहे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून स्थित पैसिफिक मॉल में खरीदारी करने पहुंचे सैकड़ों लोग करीब ढाई घंटे तक मॉल के भीतर फंसे रहे।
मॉल से सीवर का पानी छोड़े जाने पर भड़के जोहड़ी गांव के लोगों ने मॉल की घेराबंदी कर दी थी। ग्रामीणों ने मॉल के एंट्री और एक्जिट गेट को बंद कर न किसी को भीतर जाने दिया और न ही किसी को बाहर आने दिया।
इस दौरान मसूरी रोड पर सांकेतिक जाम भी लगाया। पुलिस के समझाने, ग्राहकों के मिन्नते करने पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने। ढाई घंटे बाद मॉल प्रबंधन की ओर से पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था करने के बाद ही ग्रामीण वहां से लौटे।
नारेबाजी करते हुए दोनों गेट कराए बंद
राजपुर रोड पर जाखन के पास स्थित पैसिफिक मॉल में रविवार दोपहर 12 बजे जोहड़ी गांव के सैकड़ों लोग पहुंचे और मॉल प्रबंधन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों गेट बंद करा दिए।
लोगों ने मसूरी रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह जाम तो खुलवा दिया, लेकिन मॉल के गेट नहीं खोले जा सके।
प्रदर्शनकारी उमाशंकर गौतम ने आरोप लगाया कि करोड़ों की लागत से बने मॉल में सीवर की गंदगी के निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। मॉल संचालक हर रोज रात के वक्त या फिर तेज बारिश के दौरान मॉल की गंदगी गांव की ओर बहा देते हैं।
इससे गांव के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गलियां और घर बदबू से भरने लगे हैं। आरोप लगाया कि अब तक 50 से अधिक शिकायतें पुलिस और प्रशासन से की जा चुकी हैं, लेकिन कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आजिज ग्रामीणों ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया है। इस दौरान मॉल प्रबंधन ने प्रदर्शनकारियों को जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया, लेकिन वे नहीं माने।
पुलिस ने हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों की बातचीत के बाद तय हुआ कि मॉल प्रबंधन जल्द स्थायी व्यवस्था कर लेगा। तब तक सड़क पर पानी नहीं छोड़ा जाएगा। इसके बाद दोपहर करीब ढाई बजे प्रदर्शनकारियों ने गेट खोलने दिया।